प्रयागराज में फोन आने पर घर से निकले युवक पर धारदार हथियार से हमला, गुप्तांग पर गहरे जख्म के निशान
खोजबीन में लगे गांव के एक युवक ने घर से दूर एक खेत में परिवर्तन को घायल पड़े हुए देखा तो शोर मचाया तो परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखा कि परिवर्तन के गले पर धारदार हथियार से मारने का निशान था।
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी गांव में एक युवक की हत्या का प्रयास किया गया। उसके गले पर धारदार हथियार से मारने का निशान है। गुप्तांग पर भी चोट पहुंचाई गई है। घायलावस्था में उसे इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर से कोचिंग पढ़कर घर पहुंचा था, रात साढ़े आठ बजे फोन पर आई कॉल
कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी गांव के निवासी रघुनाथ मौर्या का पुत्र परिवर्तन मौर्य (22) शहर की किसी कोचिंग में पढ़ाई करता है। वह रोजाना सुबह बस अथवा टेंपो से कोचिंग पढऩे जाता है। बुधवार की सुबह भी वह कोचिंग के लिए शहर गया था। परिवार वालों के अनुसार कोचिंग में पढऩे के बाद शाम को छह बजे परिवर्तन घर पहुंचा था। बताते हैं कि शाम लगभग 8:30 बजे परिवर्तन के मोबाइल फोन पर किसी की कॉल आई। जिसके बाद परिवर्तन अपना फोन लेकर घर के बाहर अपने खेतों की तरफ चला गया।
घर से दूर खेत में खून से लथपथ मिला
काफी देर हो जाने के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को उसकी चिंता हुई। आसपास देखने के बाद भी उसका पता न चला तो घर के लोगों ने उसके गुम होने की बात गांव वालों को बताई तो आसपड़ोस के लोग भी खोजबीन करने लगे। खोजबीन में लगे गांव के एक युवक ने घर से दूर एक खेत में परिवर्तन को घायल पड़े हुए देखा तो शोर मचाया तो परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखा कि परिवर्तन के गले पर धारदार हथियार से मारने का निशान था। उसके गुप्तांग में चोट लगी हुई थी। घरवालों ने घटना की सूचना पुलिस को दे परिवर्तन को स्वरूपरानी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन किया। मामले में अभी परिवार के द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है।