मुंबई में चार दिन पिकनिक मनाकर लौटी अतरसुइया पुलिस ! Prayagraj News
सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि महिला दो बैग लिए कोतवाली के पास खड़ी कार में बैठकर चली गई। कॉल डिटेल से पता चला कि मुंबई में रहने वाले दिल्ली निवासी चरण से बात होती थी।
प्रयागराज,जेएनएन । मॉडल बनाने का झांसा देकर कथित अगवा महिला व आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए बिना मुकदमा लिखे मुंबई पहुंची अतरसुइया पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। घूम -फिरकर रविवार सुबह पुलिस टीम प्रयागराज लौटी। ऐसे में इसे पिकनिक टूर ही कहा जाएगा। दरअसल, पति की शिकायत पर सिर्फ एनसीआर दर्ज की गई। मजिस्ट्रेट का निर्देश न मिलने से मुंबई पुलिस ने सहयोग नहीं किया। पुलिस एनसीआर की जांच का मजिस्ट्रेट से आदेश कराने के बाद दोबारा मुंबई जाएगी।
14 अक्टूबर से लापता है युवती
रानी मंडी निवासी युवक ने बताया कि उसकी पत्नी 14 अक्तूबर की रात बेटी को घर में छोड़कर चली गई थी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि महिला दो बैग लिए कोतवाली के पास खड़ी कार में बैठकर चली गई। कॉल डिटेल से पता चला कि मुंबई में रहने वाले दिल्ली निवासी चरण से बात होती थी। युवक ने बताया कि वॉलीवुड कलाकार बताते हुए चरण ने ही स्टार मेकर ऐप के जरिए उसे जाल में फंसाया था। उसने मॉडल बनाने और फिल्मों में रोल दिलाने का भी झांसा दिया।
पति ने किया खर्चे का इंतजाम
पति के आग्रह पर चार दिन पहले अतरसुइया पुलिस टीम को मुंबई भेजा गया। कार आदि का इंतजाम पति ने ही किया था। मुंबई में अपहर्ताओं का पता लगाने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी में मदद के लिए क्षेत्रीय पुलिस से संपर्क किया।
चूक, अज्ञानता या नासमझी?
पुलिस ने महिला के लापता होने पर एनसीआर दर्ज की जिस पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकती। एफआइआर या मजिस्ट्रेट जांच का आदेश लेना जरूरी है। चूक, अज्ञानता या नासमझी ही है जिससे पुलिस टीम का मजाक बन गया।