Anti Romeo Squad: शोहदों को सबक सिखाने वाली यह टीम प्रयागराज में लापता है, सरेराह हो रही छेडख़ानी की घटनाएं
प्रयागराज में सरेराह छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ हुई और दूसरी घटना महिला सिपाही के साथ कैंट इलाके में हुई। इसके बावजूद एंटी रोमियो स्क्वॉयड की सक्रियता नजर नहीं आ रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। एंटी रोमियो स्क्वॉयड, मतलब शोहदों को सबक सिखाने वाली टीम। एक तरफ मिशन शक्ति अभियान चलाकर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा का हवाला दे रही है तो दूसरी तरफ सरेराह छेडख़ानी की घटनाएं हो रही हैं। मनचलों के खिलाफ के खिलाफ कार्रवाई करने वाली टीम एंटी रोमियो लापता है। पिछले काफी दिनों में एंटी रोमियो प्रभारी की ओर से ऐसी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, जिसमें यह कहा गया हो कि कितने शोहदों को लाल कार्ड दिया गया और कितनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
प्रयागराज में सरेराह छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ हुई और दूसरी घटना महिला सिपाही के साथ कैंट इलाके में हुई। इसके बावजूद एंटी रोमियो स्क्वॉयड की सक्रियता नजर नहीं आ रही है। इसको लेकर टीम की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
विक्रम अक्सर उसका पीछा करता था
दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के पति का निधन हो चुका है। उसकी रिश्तेदारी रेलवे कॉलोनी में रहने वाले विक्रम के परिवार में है। पीडि़त महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले वह सिविल लाइंस फायर ब्रिगेड चौराहे होते हुए स्कूटी से अपने घर जा रही थी। तभी रास्ते में विक्रम ने उसे रोक लिया और अश्लील हरकत की। विरोध पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का यह अभी आरोप है कि विक्रम अक्सर उसका पीछा करता था और नजदीकियां बढ़ाने के लिए दबाव बनाता था। उसकी कारस्तानी से महिला बेहद परेशान हो गई।
बोले, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रविंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि महिला की लिखित शिकायत पर मुकदमा कायम कर विवेचना की जा रही है। आरोपित की तलाश चल रही है। उसका भाई रेलवे में कर्मचारी है।