प्रयागराज में गुस्साए हाथी ने बरात में किया उत्पात, वाहनों को चकनाचूर किया, भगदड़ में कई चोटिल
झूंसी थाना क्षेत्र के मलावा बुजुर्ग के अलमासपुर मजरे में शुक्रवार की रात एक बरात आई थी। बरात में ठाट-बाट की खातिर हाथी को भी लाया गया था। घराती और बराती पक्ष में खुशी का माहौल था। द्वारचार की रस्म से पहले भड़के हाथी ने अफरा-तफरी मचा दी।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज के झूंसी में उस समय रंग में भंग पड़ गया, जब एक हाथी अचानक बिगड़ गया। हाथी को जब गुस्सा आया तो वह इधर-उधर भागने लगा। इससे बरात में भगदड़ मच गई। जिसे जिधर जगह मिली उधर ही भाग निकला। इस दौरान मची भगदड़ में कुछ लोग चोटिल भी हुए। वहीं हाथी ने बरात में काफी नुकसान भी किया। वाहनों में तोड़फोड़ भी की। किसी प्रकार महावत ने उसे नियंत्रण में किया, तब जाकर अफरा-तफरी शांत हुई।
बरात में हाथी को लेकर आए थे
झूंसी थाना क्षेत्र के मलावा बुजुर्ग के अलमासपुर मजरे में शुक्रवार की रात एक बरात आई थी। बरात में ठाट-बाट की खातिर हाथी को भी लाया गया था। घराती और बराती पक्ष में खुशी का माहौल था। बरात का भव्य स्वागत किया गया। अब द्वारचार की रस्म अदा होने वाली थी।
द्वारचार की रस्म से पहले हाथी ने वाहनाें में की तोड़-फोड़
द्वारचार की रस्म अभी अदा ही होने ही वाली थी कि अचानक बरात में लाया गया हाथी किसी कारण बिगड़ गया। बस फिर क्या था, हाथी ने वहां मौजूद कार आदि वाहनों को उलटना-पलटना शुरू कर दिया। साथ ही कई बाइकों को उसने उठा उठाकर पटका, जिससे बाइकों के पुर्जे निकल गए।
बरात में मची भगदड़, महावत ने मशक्कत के बाद हाथी को कंट्रोल में किया
अचानक हाथी का गुस्सा देख देख बरातियों व घरातियों में भगदड़ मच गई। जो जिधर जगह पाया, उधर ही भाग लिया। चीख-पुकार और मची भगदड़ के दौरान कई लोगों को चोटें भी आई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महावत ने किसी तरह हाथी को काबू में किया। इसके बाद वहां से हाथी को लेकर चला गया। तब जाकर मामला शांत हुआ और इसके बाद बारात द्वार पर लगी और शादी की रस्म पूरी हुई।