Allahabad Central University: जानिए पूरब के आक्सफोर्ड के अब तक कितने शिक्षक बने कुलपति
Allahabad Central University इविवि ने अब तक करीब 12 कुलपति दिए हैं। प्रो. जीसी त्रिपाठी बीएचयू के कुलपति बनने वाले इविवि के दूसरे शिक्षक थे।
प्रयागराज,जेएनएन। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) के संगीत विभाग में 39 वर्षों से अध्यापन कार्य कर रहे प्रोफेसर साहित्य कुमार नाहर को ग्वालियर स्थित राजा मान सिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। इसी के साथ विश्वविद्यालय ने एक नई इबारत गढ़ दी है। अब तक इविवि के करीब 12 शिक्षकों को कुलपति के रूप में ताजपोशी की जा चुकी है।
भागलपुर मिश्र घराने से है प्रोफेसर साहित्य कुमार नाहर का ताल्लुक
भागलपुर में मिश्र घराने से ताल्लुक रखने वाले प्रो. नाहर की रुचि बचपन से ही संगीत में थी। उन्होंने संगीत एवं सितार की प्रारंभिक शिक्षा अपने गुरु-पिता स्व. प्रो. प्रह्लाद प्रसाद मिश्र से ली। वह पटना विवि में संगीत विभाग के निदेशक थे। इसके बर्फ दिवंगत प्रो. रामाश्रय झा और मैहर घराने के पद्मभूषण प्रो. निखिल बनर्जी से मार्गदर्शन हासिल किया। बीएससी, एलएलबी फिर सितार से एमए में स्वर्ण पदक विजेता प्रो. नाहर ने डिफिल और डि. लिट् की भी उपाधि हासिल की है। जनवरी 1981 से अध्यापन कार्य कर रहे प्रो. नाहर 16 वर्ष से प्रोफेसर पद पर कार्यरत हैं। वह चार बार विभागाध्यक्ष का जिम्मा भी सम्भक चुके हैं। इनके निर्देशन में 16 छात्रों ने पीएचडी की उपाधि हासिल की। जबकि, चार अभी शोध कार्य कर रहे हैं। उन्हें कई सम्मान भी मिल चुका है।
पूरब के ऑक्सफोर्ड से निकले कुलपति
इविवि ने अब तक करीब 12 कुलपति दिए हैं। प्रो. जीसी त्रिपाठी बीएचयू के कुलपति बनने वाले इविवि के दूसरे शिक्षक थे। इससे पूर्व प्रो. जनक पांडेय बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति बने थे। संगीत विभाग की अध्यक्ष रहीं प्रो. स्वतंत्र बाला शर्मा मध्य प्रदेश के संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति बनीं फिर प्रो. अविनाश चंद पांडेय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के कुलपति बने। पहले इविवि में शिक्षक रहे प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति बने फिर एपीएस यूनिवर्सिटी रीवां में कुलपति बने। इसी तरह बायो टेक्नोलॉजी के शिक्षक प्रो. डीके गुप्ता को झारखंड में जय प्रकाश यूनिवर्सिटी का कुलपति नियुक्त किया गया। इसके बाद प्रो. एमपी दुबे राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति बनाए गए थे। भौतिक विज्ञान के शिक्षक प्रो. राजाराम यादव को पूर्वांचल विवि के कुलपति का दायित्व मिला था। रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. राणा कृष्णपाल को शकुंतला देवी पुनर्वास विवि का कुलपति बनाया गया। इसके बाद इविवि के गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता श्रीवास्तव को प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विवि का कुलपति नियुक्त किया गया। शिक्षाशास्त्र विभाग की पूर्व छात्रा प्रो. कल्पलता पांडेय को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया का कुलपति नियुक्त किया जा चुका। अब प्रो. नाहर को कुलपति बनाया गया है।