अब ऑनलाइन पाए पेंशन पेमेंट आर्डर, EPFO के सभी कार्य ऑनलाइन हुए Prayagraj News
अब तक पेंशन पेमेंट आर्डर पाने के लिए लोगों को ईपीएफओ के चक्कर लगाने पड़ते थे। रिटायर होने के बाद लोगों को पीपीओ बड़ी मुश्किल से मिलता था।
प्रयागराज, जेएनएन। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से जिन कर्मचारियों को पेंशन मिलती है या मिलने वाली है, वह अपना पेंशन पेमेंट आर्डर (पीपीओ) अब ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। ईपीएफओ ने अब यह सुविधा डिजीलॉकर में दे दी है। इसके अलावा ईपीएफओ ने सभी तरह की सेवाएं ऑनलाइन कर दी है। इससे कामकाज आसान हुआ और लोगों को राहत मिलेगी।
ईपीएफओ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे
अब तक पेंशन पेमेंट आर्डर पाने के लिए लोगों को ईपीएफओ के चक्कर लगाने पड़ते थे। रिटायर होने के बाद लोगों को पीपीओ बड़ी मुश्किल से मिलता था। कर्मचारी को कितनी पेंशन मिलनी है, कैसे उसकी पेंशन बनाई गई है और उसका कितना पैसा जमा हुआ सहित सभी विवरण पीपीओ में रहता है। इसलिए रिटायर होने वाले हर कर्मचारी के लिए यह जरूरी दस्तावेज होता है। अब तक यह दस्तावेज ईपीएफओ से जाकर निकलवाना होता था। इसे देने के लिए अक्सर कर्मचारी परेशान करते थे। इसलिए अब इसे आनलाइन कर दिया गया है।
पीपीओ को आप डिजीलॉकर एप या वेबसाइट से निकाल सकते हैं
पीपीओ को आप डिजीलॉकर एप या वेबसाइट से निकाल सकते हैं। इसके लिए स्मार्ट फोन में आपको डिजीलॉकर इंस्टाल करना होगा। मोबाइल नंबर और आधार कार्ड से डिजीलॉकर में एकाउंट बन जाएगा। एकाउंट बनने के बाद ईपीएफओ कालम में पीपीओ नंबर डालकर डाउनलोड पर क्लिक करेंगे तो यह कागजात निकल जाएगा। ऐसे ही जिन कर्मचारियों का पीएफ खाता है, वह यूनिवर्सल एकांउट नंबर (यूएएन) कार्ड भी डाउनलोड कर सकते हैं।
ईपीएफओ की सभी सेवाएं हुई पेपरलेस
पिछले कई साल से ईपीएफओ में काम हाईटेक किए जा रहे हैं और अब व्यवस्था पेपरलेस हो गई है। ईपीएफओ ने कंपनियों, फर्मों आदि के खाते खोलने, पीएफ जमा करने सहित सभी काम ऑनलाइन कर दिए गए हैं। यहां पर जिन लोगों के खाते हैं। उनके पीएफ निकालने, बैलेंस चेक करने, फंड ट्रांसफर करने सहित सभी काम पहले ही ऑनलाइन कर दिए गए थे। अब पेंशन पर जाने वाले को पीपीओ भी ऑनलाइन मिलेगा। इसके अलावा विभाग में कर्मचारियों के अटेंडेंट से लेकर उनके भी सभी काम ऑनलाइन कर दिए हैं, इससे पेपर पर काम बहुत कम हो गया।