हुई सर्जिकल स्ट्राइक तो लहराया तिरंगा, हर ओर जश्न का माहौल
भारतीय वायुसेना ने सर्जिकल स्ट्राइक करके देशवासियों को उत्साहित कर दिया है। इसकी हर ओर तारीफ हो रही है। लोग खुश हैं और मिठाई बांट रहे हैं तो जुलूस निकालकर भारत माता की जय बोल रहे हैं।
प्रयागराज : क्या बच्चे, क्या युवा और कया वृद्ध और महिलाएं...सभी देशभक्ति से सराबोर हैं। और हो भी क्यों न, पुलवामा में शहीद हुए हमारे सीआरपीएफ के जवानों की शहादत का बदला जो ले लिया गया है। भारतीय वायुसेना के जांबाजों ने पीओके में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए आतंकी ठिकानों पर अटैक किया। इसका असर देशभर में नजर आ रहा है। तो अपना प्रयागराज क्यों अछूता रहे। यहां भी हर ओर जश्न का माहौल है। न सिर्फ भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बल्कि आम लोगों में गजब का उत्साह है। कहीं मिठाई बंट रही है तो कहीं पाकिस्तान का और आतंकवाद का पुतला फूंका जा रहा है। और कहीं जुलूस निकालकर और तिरंगा लहराकर खुशी जताई जा रही है।
जवानों की शहादत से हर व्यक्ति में आक्रोश था
जम्मू कश्मीर के पुलगावा में लगभग 10 दिन पहले हुए कायराना तरीके से किए आतंकी हमले में 40 से अधिक सैनिक शहीद हो गए थे। सैनिकों के शहादत से देश के हर वर्ग में आक्रोश का माहौल व्याप्त था। इसी क्रम में मंगलवार की भोर में भारतीय वायुसेना के जवानों ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके में घुसकर आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। भारतीय सेना ने कार्रवाई करके शहीदों की शहादत का बदला लिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में आतंकियों का सफाया भारतीय सैनिकों ने किया है।
कार्रवाई की खबर ने लोगों को कर दिया उत्साहित
भारतीय वायुसेना की सर्जिकल स्ट्राइक की खबर जैसे ही लोगों को हुई तो पूरे देश मे खुशी का माहौल उत्पन्न हो गया। एक से दो और दो से चार लोगों तक खबर होते हुए सभी के कानों तक पहुंच गई। उत्साहित लोग सड़कों पर निकल आए और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर भारत माता का जयकारा लगाने लगे।
सांसद विनोद सोनकर ने किया हनुमान जी का दर्शन, बांटा लड्डू
सुबह भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कौशांबी के सांसद विनोद सोनकर भी सड़क पर निकल आए। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर में पूजन और आरती के पश्चात सैकड़ों की संख्या में लड्डू पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में बांटे। वहीं मंगलवार का दिन होने की वजह से हनुमान मंदिर में भीड़ भी जुटी थी। सभी आयु वर्ग के लोगों में सर्जिकल स्ट्राइक से खुशी का माहौल था। सभी ने भारत माता का उद्घोष किया। इसी तरह अधिवक्ताओं में भी उत्साह का माहौल रहा। कई जगह तो लोग एक-दूसरे को बधाई देते भी दिखे।
कौशांबी में ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमे लोग
पड़ोसी जनपद कौशांबी में वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण केशरवानी की अगुवाई में सैकड़ों की संख्या में भाजपा समर्थकों के साथ आम लोग खुशी में सड़कों पर उतर आए। सैनी बस अड्डे से होते हुए सैनी चौराहा तक तिरंगा झंडा लहराते हुए ढोल-नगाड़ों की धुन पर उत्साहित लोगों ने जुलूस निकाला। इस दौरान आतिशबाजी की गई और मिठाई बांटी गई। हर ओर उल्लास का माहौल दिखा। वहीं सड़कों पर हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारतीय सैनिक जिंदाबाद, आंतकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और शहीदों को नमन किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण केशरवानी, मो आरिफ, भोला रैदास, राज केशरवानी, ठाकुर अवधेश सिंह, मोनू आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।