Move to Jagran APP

Health Tips: फास्ट फूड से बनाएं दूरी, संयमित खानपान से रहेंगे स्वस्थ, सलाह डाक्टरों की

बच्चों से लेकर बड़े तक फास्ट फूड के चक्कर में पड़कर अपना स्वास्थ्य खराब कर रहे हैं। कम उम्र में शुगर हो रहा है मोटापा बढ़ रहा है इसकी सबसे बड़ी वजह है खानपान में गड़बड़ी। अगर स्वस्थ जीवन जीना है तो खानपान को संयमित करें

By Ankur TripathiEdited By: Published: Mon, 22 Nov 2021 03:49 PM (IST)Updated: Mon, 22 Nov 2021 03:49 PM (IST)
Health Tips: फास्ट फूड से बनाएं दूरी, संयमित खानपान से रहेंगे स्वस्थ, सलाह डाक्टरों की
बदलती जीवनशैली में अधिकांश लोगों का खानपान बिगड़ गया है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। बदलती जीवनशैली में अधिकांश लोगों का खानपान बिगड़ गया है। बच्चों से लेकर बड़े तक फास्ट फूड के चक्कर में पड़कर अपना स्वास्थ्य खराब कर रहे हैं। कम उम्र में शुगर हो रहा है, मोटापा बढ़ रहा है, इसकी सबसे बड़ी वजह है खानपान में गड़बड़ी। अगर स्वस्थ जीवन जीना है तो खानपान को संयमित करें। योग व्यायाम को भी जीवनचर्या में शामिल करें।

loksabha election banner

लोग मौसम के बदलाव को लेकर भी सतर्क नहीं रहते

यह सलाह राजकीय मेडिकल कालेज प्रतापगढ़ के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजीशियन डा. आरपी चौबे ने दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में पाठकों के सवालों के जवाब देते हुए दी। उन्होंने कहा कि लोग मौसम के बदलाव को लेकर भी सतर्क नहीं रहते, जिसके कारण वायरल संक्रमण के शिकार हो जाते हैं। प्रदूषण बढ़ रहा है, ऐसे में हर तरह से सजग रहकर ही स्वस्थ रहा जा सकता है। लोगों ने उनसे विभिन्न प्रकार की बीमारियों के बारे में सवाल करके उपयोगी जानकारी हासिल की। प्रस्तुत हैं सवाल जवाब के मुख्य अंश-

ये रहे सवाल जवाब

प्रश्न : मोटापा बहुत हो गया है, इससे कैसे बचा जा सकता है? विनोद यादव रानीगंज।

उत्तर : जीवनशैली को बदलना होगा। शरीर में चर्बी जमा हो न होने पाए, चिकनाई वाले पदार्थ कम खाएं । फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम से बचें। मोटे अनाज को भी भोजन में शामिल करें। योग और व्यायाम भी करें राहत मिलेगी।

प्रश्न : कोरोना से पीड़ित हो गया था, अब मुझे क्या सावधानी बरतनी चाहिए? राम प्रकाश पांडेय भीटी रानीगंज।

उत्तर : कोरोना से बचने के बाद भी मास्क लगाना, टीका लगवाना, लोगों से दूरी बनाना नहीं छोड़ें। सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहें। मुंह, नाक, आंख को बार-बार न छुएं। में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए योग करें, सलाद, हरी सब्जियों का सेवन करते रहें।

प्रश्न : तीन महीने से जुकाम नहीं छोड़ रहा है, क्या करें? प्राची सिविल लाइन।

उत्तर : आपको निश्चित रूप से कोई एलर्जी है। किसी को धूल से एलर्जी होती है, किसी को सर्दी और गर्मी से। ऐसे में आप घर के कार्य करते समय मास्क लगाए रहें। चिकित्सक की सलाह से जांच कराएं।

प्रश्न : मौसम बदलने से बच्चे बीमार हो रहे हैं, क्या करें? मोहम्मद मुस्तकीम चमरूपुर पठान।

उत्तर : मौसम तेजी से बदल रहा है। इसमें बच्चों को पूरे कपड़े पहनाएं। दही, मट्ठा, फ्रिज का पानी आइसक्रीम न दें। ताजा और नॉर्मल खाना खिलाएं। नवजात शिशुओं को ठीक से ढककर रखें। जुका- बुखार से पीड़ित लोग बच्चों को गोद में न लें, इससे भी संक्रमण फैलता है।

प्रश्न : जब से ठंड का मौसम शुरू हुआ है, जोड़ों में दर्द हो रहा है क्या करें?, बद्री प्रसाद तिवारी सुंदरपुर

उत्तर : इस मौसम और उम्र के प्रभाव से मांसपेशियों में जकड़न आ जाती है। सिकाई करें और घुटने की एक्सरसाइज करें। तेल गर्म करके लगाएं। फिजियोथैरेपिस्ट की सलाह लें।

प्रश्न : मेरी माताजी 65 साल की हैं, उठने बैठने में दिक्कत होती है, क्या करें? हरकेश प्रजापति चिलबिला।

उत्तर : बढ़ती उम्र के साथ हड्डियों की समस्या आती है। माताजी को पालथी मारकर ना बैठाएं। शौचालय में कमोड का इस्तेमाल करें। मांसपेशियों और तंत्रिकाओं को अधिक लोड न दें। पैर को मोड़ें नहीं, सीढ़ी पर कम जाएं। संभव हो तो घुटना ट्रांसप्लांट कराने के बारे में सोचें। खाने में कैल्शियम की मात्रा बढ़ाएं, वजन कम करने का इंतजाम करें।

प्रश्न : कंधे से लेकर पूरे हाथ में दर्द होता है, क्या करें? उर्मिला, मीरा भवन।

उत्तर : सर्वाइकल के कारण ऐसा हो सकता है। एक्सरे कराएं। कंधे और गर्दन की एक्सरसाइज करें। सिकाई कराएं व फिजियोथैरेपिस्ट की भी सलाह ले सकती हैं।

प्रश्न : आधे सिर में दर्द होता है, घबराहट होने लगती है, क्या करें? शशिकांत तिवारी कंधई।

उत्तर : आपका केस माइग्रेन हेडक लग रहा है, जिसे अधकपारी भी कहते हैं। इसमें बिना चिकित्सक की सलाह के कोई दवा लेना ठीक नहीं होगा। अस्पताल आकर चिकित्सक को दिखाएं।

प्रश्न : कई दिन से खांसी-जुकाम की समस्या है, क्या करें? शिव शंकर मिश्रा जगेशरगंज।

उत्तर : वायरल का मौसम चल रहा है। गर्म पानी का सेवन करें, दूध में हल्दी डालकर लें, ठंडा चावल और भोजन का इस्तेमाल न करें। बच्चों को भी ताजा भोजन खिलाएं और पूरे कपड़े पहना कर रखें।

प्रश्न : सर्दी खांसी ने जकड़ रखा है, क्या करें? अजय क्रांतिकारी विश्वनाथगंज।

उत्तर : यह मौसम सर्दी खांसी का है, इसमें काढ़ा और अदरक की चाय आदि का सेवन करते रहें। चिकित्सक की सलाह से खांसी की कोई दवा भी ले लें।

प्रश्न : डॉक्टर साहब सांस की मरीज हूं, इन दिनों समस्या बढ़ रही है, क्या करें? सहाना मिर्जा बेग मीरा भवन।

उत्तर: श्वांस और अस्थमा के रोगियों के लिए मौसम का बदलाव परेशानी पैदा करता है। चिकित्सक की सलाह लें, हो सकता है आपको कोई दवा नुकसान कर रही हो।

प्रश्न : ठंड में सांस फूल रही है, क्या किया जाए? शिव कुमार दुबे कांधरपुर

उत्तर : खेत में काम करते समय भी नाक और मुंह को ढककर रखें, प्रदूषण से आपको एलर्जी हो सकती है। वातावरण को शुद्ध रखें और एलर्जी की जांच करा लें आराम होगा।

प्रश्न : पेट में दर्द और गैस की समस्या से बहुत परेशान हूं। क्या करें? शिव प्रकाश मिश्रा चमनगंज।

उत्तर : तली-भुनी और अधिक तेल मसाले वाले खाने से परहेज करें। तंबाकू, गुटखा से दूरी बनाएं। नॉर्मल खाना खाएं। पेट का अल्ट्रासाउंड चिकित्सक की सलाह से कराएं, फायदा होगा।

इन्होंने भी किए सवाल

शिव कुमार पटेल कुंडा, राजाराम शुक्ला रामगंज, राजेंद्र तिवारी फतनपुर, आशीष कुमार त्रिपाठी पहाड़पुर, रामेंद्र शुक्ल सांगीपुर, रजनी वैश्य देवरारा, नीलेश कालाकांकर, घनश्याम मौर्य पल्टन बाजार, आशीष कुमार सदर बाजार।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.