जलकल के जीएम और पांच इंजीनियरों को प्रतिकूल प्रविष्टि
कुंभ कार्यों में लापरवाही बरतने पर मंडलायुक्त ने जलकल के जीएम और पांच इंजीनियरों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। उन्होंने अफसरों के साथ छह घंटे तक निरीक्षण किया।
प्रयागराज : कुंभ के कार्यों में लापरवाही पर कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जलकल के महाप्रबंधक, नगर निगम के अधिशासी अभियंता, दो सहायक अभियंताओं और दो अवर अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भानुचंद्र गोस्वामी समेत अन्य अधिकारियों के साथ गुरुवार सुबह ही लगभग छह बजे स्थलीय निरीक्षण को निकल पड़े। अधिकारियों ने दोपहर लगभग 12 बजे तक स्थलीय निरीक्षण किया। सबसे पहले प्रयाग स्टेशन, बख्शी बांध, एलनगंज चौराहा का निरीक्षण किया। इसके बाद पेशवाई मार्गों को देखा। बैरहना, सोहबतियाबाग, अल्लापुर, बैरहना, कीडगंज, गऊघाट और फिर करेली पहुंचे। जानसेनगंज और सिविल लाइंस का भी निरीक्षण किया। आरओबी और फ्लाईओवर का भी मौका मुआयना किया।
इस दौरान सड़कों से मलबा न हटने पर नगर निगम के अधिशासी अभियंता, दो सहायक अभियंताओं और दो अवर अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। साथ ही जलकल की पाइप लाइन में देरी पर महाप्रबंधक को भी बैड इंट्री दे दी। उन्होंने चेतावनी दी कि तेजी से काम कराए जाएं। तय सीमा पर काम पूरा न हुए तो दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने शाम को शासन को भी निरीक्षण की रिपोर्ट भेज दी।