Action on Mafia : पूर्व सांसद अतीक पर शिकंजा, लखनऊ व दिल्ली के बैंक खाते की भी छानबीन शुरू
Action on Mafia पूर्व सांसद अतीक अहमद के प्रयागराज समेत दूसरे स्थानों में खोले गए बैंक खातों में महीना और सालाना कितना लेन-देन होता था इसकी भी छानबीन की जा रही है। अवैध कारोबार का भी शक है। पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। पूर्व सांसद और माफिया सरगना अतीक अहमद पर पुलिस का शिकंजा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। प्रयागराज में अवैध अचल संपत्ति पर चोट करने के बाद अब पुलिस अतीक के बैंक खातों की भी छानबीन तेज कर दी है। प्रयागराज ही नहीं, दिल्ली, लखनऊ और बलरामपुर में भी पूर्व सांसद के बैंक एकाउंट की पुलिस को जानकारी मिली है। पुलिस इन खातों की छानबीन कर रही है। साथ ही इससे होने वाले लेनदेन का विवरण भी जुटाया जा रहा है।
लोकसभा चुनाव 2014 के दौरान दिए गए शपथपत्र की जांच हुई
बाहुबली अतीक अहमद की अवैध अचल संपत्तियों को ढहाने और मकानों को कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के दौरान ही पुलिस ने लोकसभा चुनाव 2014 के दौरान दिए गए शपथपत्र की जांच भी की। अतीक तब श्रावस्ती से समाजवादी पार्टी के बैनर तले चुनाव मैदान में थे। शपथपत्र में जिस दोनाली बंदूक का उल्लेख किया था, उसका लाइसेंस निरस्त हो गया था। इसमें मकान, भूखंड और बैंक खातों का ब्योरा था। अनुमान है कि लखनऊ, दिल्ली स्थित बैैंक शाखाओं में अतीक खाते विधायक व सांसद रहते वक्त खुले थे। बलरामपुर जैसे शहर में बैंक एकाउंट खोलने का मकसद क्या था, यह पता लगाया जा रहा है। अतीक, उसकी फर्म, बीवी व बच्चों के नाम पर खुले खाते व एफडी की भी पड़ताल चल रही है।
अवैध कारोबार का शक गहराया
दूसरे प्रदेश और राज्य के दूसरे हिस्से में खोले गए बैंक खातों में महीना और सालाना कितना लेन-देन होता था, इसकी भी छानबीन की जा रही है। अवैध कारोबार का भी शक है। पूर्व सांसद अतीक अहमद के उस एकाउंट में 50 लाख रुपये मिले है, जिसमें सांसद निधि से पेंशन आती है।
बोले, आइजी केपी सिंह
आइजी केपी सिंह कहते हैं कि चल-अचल संपत्ति के साथ ही अतीक के बैंक खातों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।