कौशांबी में मासूम का अपहरण, अपहर्ता को गिरफ्तार कर पुलिस ने बालक को बरामद किया
कौशांबी के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के भेलखा गांव से ममेरे भाई ने फिरौती के लिए बालक का अपहरण कर लिया। बच्चे को लेकर उसका आरोपित का भाई फरार हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के कौशांबी जनपद में मासूम बालक का अपहरण हुआ। अपहरण करने वाला उसका ममेरा भाई ही था। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कांबिंग की। बाइक से भाग रहे अपहरण करने वाले को घेर लिया। बाइक पर बालक भी बैठा था। पुलिस को देख आरोपित भागने लगे। पुलिस ने एक को पकड़ लिया जबकि दूसरा फरार हो गया। कुछ ही घंटे में अपहरण करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मंझनपुर से हुआ मासूम का अपहरण
कौशांबी में मंझनपुर नगर पालिका परिषद के भेलखा गांव निवासी घनश्याम सिंह यादव मेडिकल रिप्रजेंटेटिव है। उसका दो वर्षीय पुत्र आरूष है। घनश्याम का भांजा आशीष यादव निवासी गौहानी थाना करारी भेलखा गांव में अपने ननिहाल में 15 दिन से रह रहा है। आशीष यादव दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। वहां से वह एक माह काम करने के बाद कुछ पैसे कमाने के बाद घर वापस आ जाता था। करीब एक वर्ष पूर्व उसकी शादी घनश्याम ने कराई थी। इसमें खर्च भी उसी ने किया था।
गोद में लेकर सड़क तक गया था आशीष
आशीष शुक्रवार की रात में अपने मामा के लड़के आरुष को गोद में लेकर खिलाते हुए सड़क की तरफ चला गया। इसके बाद घर से थोड़ी दूर जाकर उसने जोर से चिल्लाने लगा कि आरुष को सड़क पर उतार कर वह लघुशंका कर रहा था, उसी दौरान वह अचानक गायब हो गया।
कड़ाई से पूछताछ में आशीष ने उगला राज
आरुष के गायब होने की जानकारी उसने अपने मामा घनश्याम को दिया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी। तत्काल पुलिस हरकत में आई और हर थाना क्षेत्र में सड़क पर चेकिंग शुरू की गई। अपहरण की जानकारी आला अधिकारियों को हुई वे भी मौके पर पहुंचकर पूछताछ करने लगे। पता चला कि आशीष बच्चे को लेकर घुमाने के लिए ले गया था। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ किया तब वह टूट गया।
आरोपित का भाई बालक को लेकर भागा था
आशीष ने पुलिस को बताया कि उसने आरुष को अपने भाई अजीत यादव को दे दिया है। वह लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने अजीत यादव का मोबाइल नंबर ट्रेस किया तो लोकेशन टेढ़ी मोड़ की तरफ हुई। आनन-फानन में पुलिस ने टेढ़ी मोड़ के तरफ घेराबंदी करके बच्चे को बरामद कर लिया। हालांकि उसका एक साथी फरार हो गया है।