माफिया अतीक अहमद का गुर्गा आबिद प्रधान निर्विरोध प्रधान चुना गया, कई और को भी बिना मतदान मिली प्रधानी
राजू पाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद और अशरफ के साथ सह अभियुक्त आबिद प्रधान को सरकारी गनर मिलने पर फूलपुर की सांसद केसरी देवी ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति को गनर नहीं देना चाहिए। प्रशासन को इस पर विचार करना चाहिए
प्रयागराज, जेएनएन। सुरक्षा के लिए सरकारी गनर पाने के बाद पिछले कई दिनों में चर्चा में रहा अतीक का गुर्गा आबिद प्रधान इस बार रसूलपुर काजी से निर्विरोध प्रधान चुन लिया गया है। इससे पहले वह दो बार और उसकी पत्नी एक बार प्रधान रह चुके हैं। लगातार चौथी बार प्रधान चुने गए आबिद प्रधान को पिछले दिनों सरकारी गनर मुहैया कराया गया जबकि कुछ दिनों पहले ही पूर्व सांसद और माफिया अतीक अहमद का गुर्गा होने, जमीन पर अवैध कब्जा करने सहित कई आरोपों के चलते उसका मकान जमींदोज किया गया है।
सांसद ने भी जताई है आपत्ति
राजू पाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद और अशरफ के साथ सह अभियुक्त आबिद प्रधान को सरकारी गनर मिलने पर फूलपुर की सांसद केसरी देवी ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति को गनर नहीं देना चाहिए। प्रशासन को फिर से इस पर विचार करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि आबिद के खिलाफ अपहरण, हत्या, रंगदारी मांगने और धमकाने, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट समेत दर्जनों आपराधिक मामले कई थानों में दर्ज हैं। कई बार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दामाद जैद की अतीक से अदावत होने पर कहा जा रहा है कि आबिद की भी अतीक से दूरी बन गई है।
रामलोचन का भतीजा भी निर्विरोध प्रधान
आबिद के अलावा भगवतपुर ब्लाक के फुलवा गांव से सपा नेता रामलोचन के भतीजे शनि यादव निर्विरोध प्रधान चुने गए हैं। शनि को प्रधान चुनने के लिए ग्रामीणों ने आपस में पंचायत की और सर्वसम्मति से उन्हें प्रधान चुन लिया गया। उनके खिलाफ किसी ने पर्चा भी नहीं भरा। मांडा ब्लाक से क्षेत्र पंचायत सदस्य में निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह के बेटे प्रगति सिंह और बहु धनवंत सिंह से चुने गए हैं।