आम आदमी पार्टी का युवा महा सम्मेलन 25 नवंबर को होगा आयोजन, यहां से भी पदाधिकारी शामिल होंगे
लखनऊ में हाेने वाले युवा महासम्मेलन में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही प्रयागराज के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसमें आम आदमी पाटी के प्रदेश छात्र विंग के अध्यक्ष वंशराज दुबे राज्यसभा सदस्य संजय सिंह प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह आदि मौजूद रहेंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। आम आदमी पार्टी ने युवाओं को साथ लेकर चलने के लिए 25 नवंबर को लखनऊ में युवा महा सम्मेलन का आयोजन किया है। इसमें युवाओं के हित पर विचार-विमर्श किया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार ने युवाओं के साथ क्या-क्या धोखा किया है, इस पर भी बिंदुवार चर्चा होगी। युवाओं को बताया जाएगा कि आम आदमी पार्टी उनके हित के लिए क्या-क्या कदम उठा रही है और प्रदेश में अगर सरकार बनती है तो क्या-क्या किया जाएगा। इसमें प्रयागराज के भी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
नौजवानों के जरिए प्रदेश सरकार को घेरेगी आप
आम आदमी पार्टी नौजवानों के जरिए प्रदेश सरकार को घेरेगी। सबसे बड़ा मुद्दा नौकरी को बनाया जाएगा। युवाओं को बताया जाएगा कि वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने क्या वायदे किए थे। उन वायदों को सरकार बनने के बाद भाजपा भूल कैसे गई। युवा लगातार बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं और उनको इस दलदल से निकालने के लिए प्रदेश सरकार आगे किन कारणों से नहीं बढ़ी। युवाओं को सरकार बनाने के लिए इतना बड़ा धोखा क्यों दिया गया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी करेंगे प्रतिभाग
लखनऊ में हाेने वाले युवा महासम्मेलन में प्रयागराज के आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसमें आम आदमी पाटी के प्रदेश छात्र विंग के अध्यक्ष वंशराज दुबे, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह आदि मौजूद रहेंगे।
भर्तियों के नाम पर युवाओं को दिया गया धोखा
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि भर्तियों के नाम पर प्रदेश के युवाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। युवा यह जान चुका है। वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश का युवा इसका जवाब भी देगा।