Delhi-Howrah रेलमार्ग पर Prayagraj में 45 मिनट के जाम से दो ट्रेनें प्रभावित, 508 आर्मी बेस कर्मचारियों ने जाम लगाया
दिल्ली-हावड़ा रूट पर करीब 45 मिनट तक आर्मी बेस के कर्मचारी जाम लगाए हुए थे। इसके चलते ट्रेन संख्या 0166 4620 लेट हो गई। काफी जद्दोजहद के बाद आरपीएफ के जवानों ने उनका हाथ पकड़ कर वहां से हटाया। तब जाकर दिल्ली-हावड़ा रूट चालू हो सका।
प्रयागराज, जेएनएन। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर प्रयागराज में आज मंगलवार को 45 मिनट तक रेल यातायात प्रभावित रहा। छिवकी रेलवे स्टेशन के निकट दुबराजपुर रेलवे क्रासिंग पर सुबह 508 आर्मी बेस कर्मचारियों ने जाम लगा दिया। दिल्ली-हावड़ा रूट पर जाम की सूचना पर रेल विभाग में हड़कंप मच गया सूचना पर आरपीएफ छिवकी मौके पर पहुंची ओर जाम हटाने का प्रयास किया।
बायोमीट्रिक मशीन को लेकर था आक्रोश : जाम लगा रहे 508 आर्मी बेस कर्मचारियों का कहना था कि बेस पर बायोमेट्रिक मशीन लग गई है। इसके कारण लेट होने पर उनकी सैलरी कट जाती है। बीते कई माह से समस्या बनी हुई है। इसी को लेकर उनमें आक्रोश था और आज दुबराजपुर रेलवे क्रासिंग को जाम किया।
आरपीएफ जवानों ने जाम को हटवाया : दिल्ली-हावड़ा रूट पर करीब 45 मिनट तक आर्मी बेस के कर्मचारी जाम लगाए हुए थे। इसके चलते ट्रेन संख्या 0166, 4620 लेट हो गई। काफी जद्दोजहद के बाद आरपीएफ के जवानों ने उनका हाथ पकड़ कर वहां से हटाया। तब जाकर दिल्ली-हावड़ा रूट चालू हो सका।
छिवकी के निकट दुबराजपुर रेलवे क्रासिंग पर वाहनों की कतार लगी : उधर दुबराजपुर रेलवे क्रासिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। आर्मी बेस कर्मियों के हटने के बाद यातायात बहाल हो सका। हालांकि वाहनों को क्रासिंग से निकलने में आधा घंटा समय लगा। इस दौरान गेटमैन से भी नोकझोंक हुई।