Lockdown 4.0 : जिले की 15 हजार महिलाओं को मिले नौ करोड़ रुपये, इस मद में खर्च होगी राशि Prayagraj News
जिला मिशन के प्रबंधक शरद कुमार ने बताया कि इस सहायता राशि से समूह की महिलाएं आजीविका संवर्धन कर सकती हैैं। वे समूह में अपना काम तेज कर सकती हैैं।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस के संकट काल में महिलाओं को आजीविका संवर्धन के लिए प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी गई। इसके तहत प्रयागराज के 1375 महिला स्वयं सहायता समूहों को आठ करोड़ 80 लाख रुपये से ज्यादा की रकम दी गई। इन समूहों से 15 हजार से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हैैं, जिन्हें अब स्वरोजगार से जोड़ा सकेगा।
जिले के सात सौ के करीब महिला स्वयं सहायता समूह लाभान्वित
जिले के सात सौ के करीब महिला स्वयं सहायता समूहों को एक लाख 10 हजार रुपये के हिसाब से सामुदायिक निवेश निधि के तहत आर्थिक मदद दी गई। इसी तरह छह सौ 75 समूहों को 15 हजार रुपये के हिसाब से रिवाल्विंग फंड के तहत दिए गए हैैं। जिले के सोरांव, फूलपुर और मऊआइमा ब्लॉकों में सबसे ज्यादा समूहों को यह सहायता की गई है।
बोले, जिला मिशन के प्रबंधक
जिला मिशन के प्रबंधक शरद कुमार ने बताया कि इस सहायता राशि से समूह की महिलाएं आजीविका संवर्धन कर सकती हैैं। वे समूह में अपना काम तेज कर सकती हैैं। इसके अलावा व्यक्तिगत तौर पर भी इस धनराशि का उपयोग कर सकती हैैं। मगर उसके लिए उन्हें समूह से कर्ज लेना होगा, जिसे वापस करना होगा।
पिछले साल भी रिवाल्विंग फंड के तहत मिली थी राशि
पिछले साल भी सामुदायिक निवेश निधि के तहत 29 सौ समूहों को लगभग 32 करोड़ रुपये तथा रिवाल्विंग फंड के तहत 34 सौ समूहों को लगभग पांच करोड़ रुपये दिए गए थे। इस बार उन्हीं समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के पैसे दिए गए हैैं जो छह माह पुराने हो चुके हैैं तथा रिवाल्विंग फंड का लाभ उन समूहों को दिया गया, जो तीन माह पुराने हो चुके हैैं।