आपका सहयोग काम आया, कंडों की होलिका जलाकर बचाई 11 सौ क्विंटल लकड़ी Prayagraj News
दैनिक जागरण ने होली से कुछ दिन पहले पर्यावरण संरक्षण के लिए मुहिम चलाई। आओ जलाएं कंडों की होली अभियान से प्रेरित होकर शहरवासियों ने मिसाल कायम कर दी।
प्रयागराज, जेएनएन। दैनिक जागरण के 'आओ जलाएं कंडों की होली' अभियान से प्रेरित होकर शहरवासियों ने तो मिसाल कायम कर दी। इस बार होली पर कंडों की होलिका जलाकर एक नई परंपरा की शुरुआत की गई। पर्यावरण संरक्षण का सभी को संदेश भी दिया। शहर में सात से ज्यादा स्थानों पर कंडों की होलिका जलाई गई। इससे तकरीबन 11 सौ क्विंटल लकड़ी की बचत हुई। तमाम स्थानों पर लोगों ने लकड़ी और कंडों की मिश्रित होलिका दहन किया था।
दैनिक जागरण के अभियान रंग लाया
दैनिक जागरण ने तीन मार्च से 'आओ जलाएं कंडों की होली' अभियान की शुरुआत की। धर्मगुरुओं, महापौर, पार्षदों, सामाजिक संगठनों, स्कूली बच्चों ने लोगों से कंडों की होलिका जलाने की अपील की। मात्र एक सप्ताह में जागरण की मुहिम का व्यापक प्रभाव दिखाई दिया। शहर में कुल 3955 स्थानों पर होलिका जलाई गई। उसमें से 700 से ज्यादा स्थान ऐसे थे, जहां पर कंडों की होलिका जली। लोगों ने वहां रंगोली भी सजाई और पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया।
आंकड़ों पर एक नजर डालें
-3955 स्थानों पर शहर में जलाई गई होलिका
-3236 स्थानों पर जली लकड़ी की होलिका
-07 सौ से ज्यादा स्थानों पर जलाई गई कंडों की होलिका
-150 किलो औसत लकड़ी जलाई गई एक होलिका में
-12 पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में रखवाई कंडों की होलिका।
पार्षदों की पहल की भी हुई सराहना
दैनिक जागरण की मुहिम से प्रेरित होकर 80 वार्डों के एक दर्जन पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में कंडों की होलिका रखने के बाद दूसरे लोगों को भी प्रेरित किया। ओम प्रकाश सभासद नगर-1 वार्ड के भाजपा पार्षद अखिलेश सिंह बताते हैं कि उन्होंने अपने वार्ड में कंडों की होलिका रखने की शुरुआत की तो उनके जानने वालों और कई अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।
महापौर बोलीं-जागरण की मुहिम से लोगों ने पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया
महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी कहती हैं कि दैनिक जागरण की मुहिम से प्रेरित होकर शहरवासियों ने इस बार कंडों की होलिका जलाने की पहल की। समाज को नया संदेश दिया कि वह कैसे पर्यावरण को बचाने में महती भूमिका निभा सकते हैं। इस वर्ष 700 से ज्यादा स्थानों पर कंडों की होलिका जलाई गई। अगले वर्ष इसमें कई गुना इजाफा होगा, क्योंकि लोग पहले से जागरूक हैं। इसका उन्होंने संकल्प भी लिया है।