गणतंत्र दिवस पर प्रयागराज व चित्रकूट मंडल के 110 कैदी होंगे रिहा Prayagraj News
प्रयागराज मंडल के नैनी प्रतापगढ़ फतेहपुर कौशांबी और चित्रकूट मंडल के हमीरपुर महोबा और बांदा जेल में रिहाई पात्रता परीक्षण किया गया। 15 नवंबर तक मुख्यालय को रिपोर्ट भेजेंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। गणतंत्र दिवस पर प्रयागराज और चित्रकूट परिक्षेत्र के 110 कैदी रिहा किए जाएंगे। शासन के आदेश पर इस परिक्षेत्र के कैदियों का रिकार्ड खंगालने के बाद उनकीरिहाई के लिए 15 नवंबर तक सूची कारागार मुख्यालय भेज दी जाएगी। वहां से शासन की मुहर लगते ही इन कैदियों को जेल से रिहा कर दिया जाएगा।
इस आधार पर दी रिहाई के लिए चुने गए कैदी :
शासन की ओर से प्रदेश की जेलों में बंद सजायाफ्ता कैदियों को पात्रता के मुताबिक रिहा करने का निर्देश है। सरकार के आदेश पर प्रयागराज मंडल के नैनी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कौशांबी और चित्रकूट मंडल के हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा और बांदा जेल में रिहाई पात्रता परीक्षण किया गया। 16 साल की सजा काट चुके कैदियों का व्यवहार अति उत्तम होने, कैदी की उम्र 70 साल पूरी होने समेत कई बिंदुओं पर जांच के बाद उन्हें पात्रता सूची में डाला गया। परीक्षण के बाद प्रयागराज और चित्रकूट मंडल में स्थित आठ जेलों में कुल 110 कैदियों को रिहाई के लिए पात्र पाया गया। जेल अधिकारी पात्रता परीक्षण रिपोर्ट को अंतिम रूप देने में लगे हैैं। परीक्षण रिपोर्ट में रिहाई के लिए पात्र कैदियों की जीवनी भी संलग्न की जा रही है, जिसका शासन स्तर पर भी परीक्षण किया जाएगा। वहां से इस पर अंतिम मुहर लगेगी।
उप महानिरीक्षक कारागार ने कहा :
उप महानिरीक्षक कारागार बीआर वर्मा ने बताया कि पात्रता परीक्षण में पास होने वाले कैदियों की सूची कारागार मुख्यालय को भेजी जा रही है, वहां से कैदियों की रिहाई सुनिश्चित होगी। शासन की सूची में जिसका नाम शामिल होगा उसे 26 जनवरी को जेल से रिहा कर दिया जाएगा।