Politics: प्रयागराज में सात सीट से 10 महिला प्रत्याशियों ने कांग्रेस से मांगा टिकट
कांग्रेस जिला प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि आवेदन करने वालों में महिलाओं की संख्या बहुत कम है जबकि आवेदन की अवधि बढ़ाकर 15 नवंबर की गई थी। 12 विधानसभा सीट के लिए कुल 68 लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी की है। इसमें सिर्फ 10 महिलाएं शामिल हैं।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका वाड्रा की तरफ से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 फीसद टिकट दिए जाने के लिए आवेदन की तिथि 15 नवंबर तक बढ़ाने का प्रयागराज में कोई असर देखने को नहीं मिला। 15 नवंबर की देर शाम तक टिकट के लिए एक भी महिला प्रत्याशी ने दावेदारी नहीं ठोकी। कुल 12 विधानसभा सीटों में केवल सात सीटों से 10 महिलाओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है।
पहली बार कांग्रेस ने टिकट वितरण से पूर्व दावेदारों से आवेदन मांगे
कांग्रेस पार्टी का प्रयागराज (पूववर्ती इलाहाबाद) से गहरा नाता रहा है। कुछ समय के लिए आनंद भवन को कांग्रेस का मुख्यालय भी बनाया गया था। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि टिकट के लिए आवेदन करने वालों में महिलाओं की संख्या बहुत कम है जबकि, आवेदन की अवधि बढ़ाकर 15 नवंबर की गई थी। 12 विधानसभा सीट के लिए कुल 68 लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी की है। इसमें सिर्फ 10 महिलाएं शामिल हैं। शेष पुरुष दावेदार हैं। इन सभी लोगों ने पार्टी फंड में धनराशि भी जमा कर दी है। पहली बार कांग्रेस ने टिकट वितरण से पूर्व दावेदारों से आवेदन मांगे हैं। इसके लिए उन्हें 11 हजार रुपये की धनराशि पार्टी फंड में जमा कराए जा रहे हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि शहर उत्तरी से केवल मुकुंद तिवारी ने टिकट के लिए आवेदन किया है। यह जानकारी कांग्रेस की तरफ से जारी सूची से मिली है।
इन महिलाओं ने की है दावेदारी
फाफामऊ से खुशनुमा फारूकी, सोरांव से गीता भारतीया, फूलपुर से सिंधू सिंह और सदफ फातिमा, मेजा से माधवी, शहर पश्चिमी से रजिया सुल्तान व हर्षिता अरोड़ा, शहर दक्षिणी से अंजुम नाज और अल्पना निषाद तथा बारा से मंजू संत ने टिकट मांगा है। शहर उत्तरी, प्रतापपुर, हंडिया, करछना और कोरांव से एक भी महिला प्रत्याशी ने आवेदन नहीं किया है।
उत्तर प्रदेश अपराध में पहले नंबर पर : अनुग्रह
पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपराध में पहले नंबर पर है। यहां तानाशाही, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल है। शहर कांग्रेस द्वारा महंगाई हटाओ प्रतिज्ञा पदयात्रा के अंतर्गत अलोपीबाग से अल्लापुर पदयात्रा समापन पर नुक्कड़ सभा में उन्होंने कहा कि महंगाई जानलेवा साबित हो रही। शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा अंशुमन ने बताया कि 24 नवंबर तक सरकार के खिलाफ शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्र में अभियान जारी रहेगा। इस दौरान प्रभारी सचिव उज्जवल शुक्ल, किशोर वार्ष्णेय, देवी पांडेय, अनूप सिंह, संजय मिश्रा, सुष्मिता यादव, भोले सिंह, अनूप त्रिपाठी , रविन्द्र गिरी, निशांत रस्तोगी, राम मनोरथ सरोज, अभिमन्यु सिंह, शादाब अहमद, सुशील गुप्ता , कामेश्वर सोनकर आदि उपस्थित रहे।