योगी तुमने कुछ नहीं किया, गोली उतार देंगे, वीडियो वायरल Aligarh news
मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई है। अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया। मुख्यमंत्री के साथ-साथ ठाकुर ब्राह्मणों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई।
अलीगढ़ (जेएनएन)। फेसबुक पर भगवान राम व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्र्रेस नेता विनोद पांडेय ने बन्नादेवी थाने में तहरीर दी है। इसमें मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई है। अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया। मुख्यमंत्री के साथ-साथ ठाकुर, ब्राह्मणों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपाइयों में भी गुस्सा बढ़ गया है।
सीएम के साथ ठाकुर, ब्राह्मणों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी
न्यू अशोक नगर निवासी विनोद पांडेय ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 बजे फेसबुक चला रहे थे। इसी दौरान इटावा के राजमणी तिवारी नामक शख्स की आइडी से अपलोड किया गया वीडियो दिखा। वीडियो में दो लोग नजर आ रहे हैं, जिनमें से एक ने श्रीराम व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत ठाकुर, ब्राह्मणों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की, जिससे जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद भाजपाइयों में गुस्सा बढ़ गया है। कभी भी सड़क पर आकर विरोध जता सकते हैं। बन्नादेवी इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।