अलीगढ़ में बारिश से मौसम में बदलाव, सर्दी का एहसास
धान की कटी फसल को नुकसान की आशंका चिकित्सकों के अनुसार बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ेगा।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर रविवार को अलीगढ़ में दिखा। दिनभर बादलों की आवाजाही के साथ रुक-रुककर बारिश हुई। सर्द हवा भी चली। देर शाम तक बूंदाबांदी होती रही। इससे मौसम खुशगवार हो गया। बारिश के बाद सर्दी का भी एहसास हुआ। तापमान में गिरावट दर्ज हुई, जो अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटे में बूंदाबांदी व तेज बारिश की संभावना जताई है। बारिश से खेतों में कटी पड़ी धान की फसल में नुकसान की आशंका है। चिकित्सकों ने कहा है कि बारिश से बीमारियों का प्रकोप बढ़ सकता है।
गर्मी से मिली राहत
अक्टूबर आधा बीत चुका है, इसके बाद भी मौसम में गरमाहट थी। रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। करीब 10:30 बजे शहर में तेज बरसात हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। गर्मी से लोगों को राहत मिली। दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे, इससे सूरज के दर्शन नहीं हुए। शाम तक आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही। करीब चार बजे फिर बारिश हुई। इससे लोगों को सर्दी महसूस हुई।
धान को लेकर किसान चितित
ग्रामीणों क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश की सूचना मिली है। इस समय किसानों ने धान की कटाई शुरू कर दी है। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश से कटी फसल को नुकसान हो सकता है। यदि ज्यादा बारिश हुई तो धान की खड़ी फसल प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में पुन: बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम के साथ खुद को बदलें
इन दिनों डेंगू, मलेरिया व वायरल बुखार का प्रकोप है। बारिश के बाद जलभराव व मौसम में बदलाव से इनका प्रकोप और बढ़ने की आशंका है। वरिष्ठ फिजीशियन डा. जीएम राठी ने बताया कि मौसम के अनुसार खानपान व रहन-सहन में बदलाव करते रहें। मच्छरों से बचाव करें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। साफ-सफाई का ध्यान रखें।