कई क्षेत्रों में शाम को नहीं हुई जलापूर्ति
जल संस्थान ने की सूर्य नगर स्थित जोनल पंपिग स्टेशन की सफाई आज सुबह मिलेगा पानी शुक्रवार को 13 स्थलों पर हुए लीकेज लाखों लीटर पानी हुआ बर्बाद
आगरा, जागरण संवाददाता। सूर्य नगर स्थित जोनल पंपिग स्टेशन की सफाई के चलते शुक्रवार शाम शहर की पाश कालोनियों में जलापूर्ति ठप रही। इनमें बाग फरजाना, खंदारी कई क्षेत्र शामिल हैं। बुधवार सुबह जलापूर्ति होगी। उधर, 13 स्थलों पर लीकेज हुए। जल संस्थान की टीम ने शाम तक 12 लीकेज की मरम्मत कर ली। लीकेज के चलते लाखों लीटर पानी बर्बाद हुआ।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से 120 और सिकंदरा के दोनों प्लांट से 212 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। कमला नगर सी ब्लाक, रकाबगंज क्षेत्रों में पानी का प्रेशर कमजोर रहा। जल संस्थान ने कई क्षेत्रों में टैंकरों से पानी भेजा। वहीं टीम ने सूर्य नगर स्थित जोनल पंपिग स्टेशन की सफाई सुबह 11 बजे से शुरू की। यह देर रात तक चली। इसके चलते सूर्य नगर, खंदारी, आरबीएस कालेज के आसपास, बाग फरजाना, भदावर हाउस, बैंक कालोनी, भगवान टाकीज के आसपास, मास्टर प्लान रोड, लाजपत कुंज क्षेत्रों में शाम को जलापूर्ति ठप रही। जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि गर्मी शुरू होने से पूर्व जोनल पंपिग स्टेशनों, ओवर हेड टैंक और भूमिगत जलाशयों की सफाई कराई जा रही है।
ताली और थाली बजाकर किया प्रदर्शन
जासं, आगरा : दयालबाग स्थित टैगोर नगर में जलापूर्ति न होने से नाराज लोगों ने ताली और थाली बजाकर शुक्रवार सुबह प्रदर्शन किया। जल संस्थान और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। आशा आसवानी ने बताया कि ढाई साल पूर्व पाइप लाइन बिछी थी लेकिन अभी तक जलापूर्ति चालू नहीं हुई है। कुसुम चौधरी ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कमिश्नरी में भूख हड़ताल पर बैठा जाएगा। गंगा, सानिया, धर्मवीर सिंह, सौरभ चौधरी, उमा यादव, आरएल यादव मौजूद रहे।