अलीगढ़ में राजनीतिक रण में जुबानी जंग, रघुराज सिंह ने कहा - औरंगजेब बने अखिलेश ने पिता को किया कैद
UP Assembly Elections 2022 मंगलवार को रघुराज सिंह न्यूज चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। चुनाव में अखिलेश द्वारा जिन्ना का मुद्दा उठाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश केवल पंथ विशेष का वोट बटोरने के लिए औरंगजेब की भूमिका में काम कर रहे हैं।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। UP Assembly Elections 2022 उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष रघुराज सिंह ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को औरंगजेब बताया है। एक न्यूज चैनल को दिए बयान में उन्होंने कहा, सत्ता पाने के लिए जैसे औरंगजेब ने अपने पिता का कैद कर लिया था, उसी तरह अखिलेश ने भी अपने पिता मुलायम सिंह यादव को कैद कर लिया है। उनके इस बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
न्यूज चैनल के कार्यक्रम में रघुराज सिंह ने बोला हमला
मंगलवार को रघुराज सिंह न्यूज चैनल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। चुनाव में अखिलेश द्वारा जिन्ना का मुद्दा उठाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश केवल पंथ विशेष का वोट बटोरने के लिए औरंगजेब की भूमिका में काम कर रहे हैं। औरंगजेब ने सत्ता पाने के लिए पिता काे कैद कर लिया था। अखिलेश ने भी अपने पिता को कैद कर रखा है। एक ही समय खाना और पानी दे रहे हैं। कहीं जाने की अनुमति नहीं है, न ही कुछ कह सकते। अर्पणा यादव और प्रतीक यादव ही उनकी सेवा कर रहे हैं।
औरंगजेब ने लिया पुनर्जन्म
प्रदेश में अखिलेश यादव के रूप में औरंगजेब ने पुन: जन्म लिया है। इस संबंध में उनका कहना है कि कोई गलत बात नहीं कही। मुलायम सिंह की हालत पर तरस आ रहा था, इसलिए वेदना जाहिर कर दी। भाजपा द्वारा टिकट न दिए जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा का अनुशासित सिपाही हूं, 36 साल से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। टिकट न मिलने पर पीड़ा हुई थी। लेकिन, पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है। ।