अलीगढ़ में पांच दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान
डीएम ने ईआरओ व एईआरओ के साथ की बैठक नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए प्रयास करने के दिए निर्देश।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को आगे बढ़ा दिया है। अब पांच दिसंबर तक यह अभियान चलेगा। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने कलक्ट्रेट में इस अभियान को लेकर ईआरओ व एईआरओ के साथ बैठक की। इसमें बीएलओ को नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि ईआरओ व एईआरओ मतदान केंद्रों का भ्रमण कर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करें। इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निष्पक्ष व पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
डीएम ने कहा कि एक नवंबर से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई थी। 30 नवंबर इसकी अंतिम तिथि थी। अब इसे पांच दिन और बढ़ा दिया गया है। पांच दिसंबर तक कोई भी पात्र व्यक्ति अपना वोट बनवा सकता है। बीएलओ घर-घर जाकर लोगों के वोट बनाएंगे। एक जनवरी 2022 तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाला कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। ईआरओ व एईआरओ पोर्टल पर गतिविधियों को संचालित करें। सभी ईआरओ व एईआरओ अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण करें। सभी का बीएलओ से समन्वय होना चाहिए। प्राप्त दावे व आपत्तियों की पोर्टल पर अपलोड होने के बाद गंभीरता से जांच की जाए। यदि मतदाता सूची से कोई नाम हटाया जाना है तो उसका मजबूत आधार होना चाहिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि जिले में बीएलओ ने सराहनीय कार्य किया है। अब तक एक लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें खैर विधानसभा क्षेत्र में 21712, बरौली में 13410, अतरौली में 14909, छर्रा में 12335, कोल में 14218, शहर में 14754 व इगलास में 14941 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें बीआरसी आपरेटर के स्तर से 95625 फार्म अपलोड किए जा चुके हैं।