अलीगढ़ में चहुंओर बिखरी वसंती आभा, मां शारदे को किया नमन
मंदिरों पर जुटे श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चना की। घर प्रतिष्ठानों पर भी ज्ञानदायनी मां शारदे को नमन किया गया।
जासं, अलीगढ़ : वसंती पंचमी पर मंगलवार को वसंती आभा बिखरी नजर आई। मंदिरों पर जुटे श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चना की। घर, प्रतिष्ठानों पर भी ज्ञानदायनी मां शारदे को नमन किया गया। सारसौल स्थित साईं मंदिर में परिक्रमा लगाई। परिक्रमा स्थल पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजा किए, ताकि कोई अराजक तत्व किसी तरह की अशांति न फैला सके।
सासनीगेट स्थित राधारमण गो चिकित्सा केंद्र पर आहुति संस्था ने मां सरस्वती का पूजन किया। यहां संस्था अध्यक्ष अशोक चौधरी, शहर विधायक संजीव राजा, अजय सर्राफ, महानगर कार्यवाह रतन, डा. विशन बहादुर, मनोज शर्मा आदि थे। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना इकाई की महानगर अध्यक्ष ममता सिंह राघव के सासनीगेट स्थित आवास पर सरस्वती पूजन हुआ। सासनीगेट स्थित मंदिर मंगलेश्वर महादेव से सांई बाबा की पालकी निकाली गई। साईं भजन का आयोजन भी हुआ। स्वर्ण जयंती नगर स्थित वैदिक ज्योतिष संस्थान कार्यालय पर स्वामी पूर्णानंदपुरी की अध्यक्षता में आचार्य गौरव शास्त्री, दुष्यंत वेदपाठी, शिवम व्यास, हर्ष वेदपाठी आदि आचार्यों ने मां सरस्वती का पूजन कराया।
महाराजा सुहेलदेव को किया याद
नगर निगम ने वसंत पंचमी पर्व को वीर शहीद महाराजा सुहेलदेव जयंती महोत्सव के रूप में मनाया। जवाहर नगर में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने महाराजा के शौर्य और पराक्रम की गाथा सुनाई। मेयर मोहम्मद फुरकान ने कहा वसंत पंचमी पर शहीदों को याद करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। क्वार्सी बाईपास स्थित सपा कार्यालय पर भी महाराजा की जयंती मनाई गई। यहां जिलाध्यक्ष गिरीश यादव समेत पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।