Hathras Case News Update: कांग्रेस नेता श्यौराज जीवन के हाथरस जाने के बाद अलीगढ़ में हंगामा
कांग्रेस नेता श्यौराज जीवन के गुरुवार सुबह हाथरस रवाना होने के बाद शीशियापाड़ा में हंगामा हो गया। एक टीवी चैनल की पत्रकार का लोगों ने विरोध किया। करीब एक घंटे नारेबाजी की। बड़ी संख्या में पुलिस तैनात करनी पड़ी।
अलीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस नेता श्यौराज जीवन के गुरुवार सुबह हाथरस रवाना होने के बाद शीशियापाड़ा में हंगामा हो गया। एक टीवी चैनल की पत्रकार का लोगों ने विरोध किया। करीब एक घंटे नारेबाजी की। बड़ी संख्या में पुलिस तैनात करनी पड़ी। पत्रकार के लौटने पर भीड़ शांत हुई। इंस्पेक्टर मणिकांत शर्मा ने बताया कि लोग टीवी चैनल की पत्रकार का विरोध कर रहे थे। लोगों को समझा दिया गया।
करणी सेना ने मुकदमा दर्ज कराया
जीवन के शहर में दंगा भड़काने संबंधी बयान देने को लेकर करणी सेना ने गांधीपार्क थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। हाथरस में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। चंदपा पुलिस ने गुरुवार सुबह जीवन को पक्ष रखने के लिए बुलाया था। वे सुबह हाथरस रवाना हो गए। मुहल्ला शीशियापाड़ा में उनके घर के बाहर एक टीवी चैनल की महिला पत्रकार कवरेज कर रही थीं। तभी लोग इकट्ठे होने लगे। माइक पर जीवन को लेकर जो बातें कही जा रही थीं, उसका लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और जीवन के पक्ष में नारे लगाने लगे। पत्रकार को घेर लिया।
महिला पत्रकार की कवरेज का विरोध
गांधीपार्क व सासनीगेट थाने से पुलिस और पीएसी पहुंच गई। पत्रकार की कार गांधीपार्क चौकी के पास खड़ी थी तो यहां भी लोग जमा होने लगे। बताया जा रहा है कि एक-दो लोगों ने ईंट फेंकीं। हालांकि किसी को नुकसान नहीं हुआ। करीब दो घंटे के हंगामे के बाद पत्रकार को लौटना पड़ा, तब जाकर लोग शांत हुए। इंस्पेक्टर मणिकांत शर्मा ने बताया कि लोग टीवी चैनल की पत्रकार का विरोध कर रहे थे। लोगों को समझा दिया गया।