UP Election 2022: उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मंत्री की चुनावी सभा में क्या कहा, जानें विस्तार से
UP Vidhan Sabha Election 2022 यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव अलीगढ़ में दस फरवरी को होगा। शुक्रवार को अतरौली से भाजपा प्रत्याशी संदीप सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने चुनावी सभा की।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत दस फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंच गए। उन्होंने प्रत्याशियों के समर्थन में छोटी सभा करके व लोगों से संपर्क कर वोट मांगे। अतरौली के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी संदीप सिंह के समर्थन में चुुुुुनावी सभा की।
उप मुख्यमंत्री डाक्टर दिनेश शर्मा ने यूपी में का बा का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यूपी में सब बाबा बा। यूपी में बाबा अपराधियों के लिए काल बा। वही, बाबा जो माफिया पर बुलडोजर चलवाने का काम करते हैं। जिन्होंने प्रदेश में अराजकता को खत्म किया। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ कभी ताले के रूप में जाना जाता था, मगर पिछली सरकारों में यहां कट्टे पकड़े जाते थे। सीएम योगी ने पांच साल में सूरत बदल दी। यहां विकास की तमाम योजनाएं हैं। डाक्टर दिनेश शर्मा अतरौली में प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डिफेंस कारीडोर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय बन रहा है। कट्टे से अब अलीगढ़ बाहर निकल चुका है। उन्होंने उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान देश में माहौल ठीक है के जवाब पर कहा की पीएम मोदी और सीएम योगी के राज में किसी तरह का भय नहीं है। सांसद सतीश गौतम ने कहा की हामिद अंसारी को पाकिस्तान चला जाना चाहिए। इस सवाल के जवाब पर उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें पता नहीं है, पर देश और प्रदेश में कोई भय का माहौल नहीं है।
जगह - जगह चेकिंग
इससे पहले जवां में भी उप मुख्य मंत्री दिनेश शर्मा के आगमन को लेकर पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था पहले गई थी। दयानंद सरस्वती कालेज अतरौली में कार्यक्रम के बाद वह गोधा व जवां होते हुए सड़क मार्ग से प्रिंस पैलेस छेरत पर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से बुलंदशहर सीमा से लेकर छेरत तक कम से कम 10 जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। नहर सुमेरा झाल पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वाहनों को चेक किया गया। खास बात यह है कि डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा का छेरत कार्यक्रम में पहुंचने का रास्ता निश्चित नहीं है। वह हरदुआगंज होकर भी वाया कासिमपुर रोड होते हुए छेरत पहुंच सकते हैं।