हाथरस में करंट से दो किसानों की मौत
तहसील सिकंदराराऊ में शुक्रवार की देर शाम दो जगह विद्युत पोल की खेंच में करंट उतरने से दो किसानों की मौत हो गई।
हाथरस जेएनएन: उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस की तहसील सिकंदराराऊ में शुक्रवार की देर शाम दो जगह विद्युत पोल की खेंच में करंट उतरने से दो किसानों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इस घटना से किसानों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का गुस्सा कभी भी सड़क पर आ सकता है।
वकों के शव अस्पताल पहुंचने से हाहाकार
सुनील यादव (30) पुत्र नत्थू सिंह निवासी गांव चमरौली शुक्रवार शाम घर से शौच के लिए खेत पर जा रहे थे। वहां एक विद्युत पोल की खेंच में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आकर सुनील यादव की मौत हो गई। पता चलते ही उनके परिजनों में हाहाकार मच गया। हालांकि परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी ओर कालीचरण (32) पुत्र राम प्रकाश निवासी गांव नगला जलाल खेत से अपने घर आ रहे थे। रास्ते में नाली पार करते समय उन्होंने विद्युत पोल का सहारा लेने का प्रयास किया तो पोल में करंट होने से उनकी भी मौत हो गई। मौके पर परिजन एवं ग्रामीण पहुंच गए। इन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। डॉक्टर ने कालीचरण को भी मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो युवकों के शव अस्पताल पहुंचने से हाहाकार मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर कोतवाल प्रवेश राणा सीएचसी पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं।