दीपावली की छुट्टी मनाने के बाद दिल्ली जा रहे युवकों को ट्रैक्टर ने रौंदा, हालत गंभीर
कासगंज के थाना गंजडुंडवारा के गांव बहोटा निवासी अवनीश कुमार पुत्र ऋषिपाल व मोहन सिंह पुत्र नत्थू सिंह दिल्ली में एक निजी कंपनी में नाैकरी करते हैं। पिछले दिनों वह दीपावली पर्व मनाने के लिए गांव आ गए थे।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। गभाना में हाईवे बाईपास पर राजा के बाग के पास रविवार दोपहर में ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए।
दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करते हैं दोनों युवक
कासगंज के थाना गंजडुंडवारा के गांव बहोटा निवासी अवनीश कुमार पुत्र ऋषिपाल व मोहन सिंह पुत्र नत्थू सिंह दिल्ली में एक निजी कंपनी में नाैकरी करते हैं। पिछले दिनों वह दीपावली पर्व मनाने के लिए गांव आ गए थे। रविवार को दोनों साथी बाइक से दिल्ली के लिए जा रहे थे। दोपहर में जैसे ही वह गभाना हाईवे बाईपास पर राजा के बाग के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दोनों साथी घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए और सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां पर अवनीश की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जेएन मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
गोवंश से टकराकर बाइक सवार भाई-बहन घायल
गभाना। हाईवे भूपाल नगलिया के पास सड़क पर अचानक आए गोवंश से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार भाई-बहन घायल हो गए। बुलंदशहर के अरनियां निवासी मोहित कुमार रविवार दोपहर में बाइक से अपनी बहन संगीता को उसकी ससुराल हाथरस के सिकंदराराऊ छोड़ने के लिए जा रहे थे। तभी हाईवे भूपाल नगलिया के पास सड़क पर अचानक आए गोवंश से उनकी बाइक टकरा गई। जिसमें बाइक सवार भाई- बहन घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा घायलों के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। स्वजन ने घायलों को निजी वाहन से खुर्जा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।