काउंटडाउन : 1 दिन शेष, 12 बजे तक कई चेहरों के बजेंगे 12
मतगणना में एक दिन शेष हैं। धनीपुर मंडी में बैरिकेडिंग समेत अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 23 मई को दोपहर 12 बजे तक चुनाव परिणाम लगभग तय होने की उम्मीद है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। मतगणना में एक दिन शेष हैं। धनीपुर मंडी में बैरिकेडिंग समेत अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 23 मई को दोपहर 12 बजे तक चुनाव परिणाम लगभग तय होने की उम्मीद है। उस समय तक एक प्रत्याशी को छोड़कर बाकी के सभी के चेहरे पर 12 बज जाएंगे। सुबह आठ बजे गिनती शुरू होने के बाद नौ बजे पहला रुझान आने की संभावना हैं। वीवीपैट पर्ची के ईवीएम से मिलान के चलते आधिकारिक घोषणा शाम छह बजे होने की उम्मीद है।
ये है तैयारी
सुप्रीम कोर्ट ने हर विधानसभा क्षेत्र में पांच बूथों पर लगे वीवीपैट की पर्चियों का मिलान ईवीएम के वोटों से कराने के निर्देश दिए हैं। इसी के हिसाब से तैयारी चल रही हैं। 23 मई को मतगणना में वीवीपैट की पर्ची की भी गिनती होगी। इस में करीब तीन से चार घंटे लगेंगे। निर्वाचन विभाग से जुड़े अफसरों की मानें तो सुबह आठ बजे गिनती शुरू होगी। नौ बजे तक दो राउंड पूरे हो जाएंगे। इसी पर पहला रुझान जारी हो जाएगा। दोपहर 12 बजे तक वोटों की गिनती पूरी हो जाएगी। इसी समय में तय हो जाएगा कि कौन कितना आगे हैं।
अतरौली में सबसे अधिक 34 राउंड
अतरौली विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 476 बूथ हैं। यहां 34 चरणों में मतगणना होगी। खैर में 445 बूथ हैं। यहां 32 चरणों में होगी। बरौली के 427 बूथों की गणना 31 चरणों में होगी। कोल के 399 बूथों की गणना 29 में शहर के 389 बूथों की गणना 28 चरणों में होगी। हाथरस संसदीय सीट के इगलास में 450 बूथों की गणना 31 व छर्रा के 434 बूथों की गणना में भी इतने ही चरण होंगे।
एक टेबल पर एक एजेंट
हर प्रत्याशी एक टेबल पर एक एजेंट रख सकेगा। अलीगढ़ सीट पर 14 प्रत्याशी हैं। इतने ही एजेंट एक टेबल पर रहेंगे।
कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण
मतगणना के लिए डीएस कॉलेज के ऑडिटोरियम में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि सभी कार्मिक मतगणना प्रशिक्षण को गंभीरता से लें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निष्पक्ष मतगणना करानी है। प्रशिक्षण में इलेक्ट्रॉनिग वोटिंग मशीन, वीवीपैट डाकमत पत्र के बारे में पूरी जानकारी कर लें। मास्टर ट्रेनर ने बताया कि मतगणना में पर्यवेक्षक, सहायक व माइक्रो आब्जर्वर की ड्यूटी प्रत्येक टेबल पर रहेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप