Aligarh weather report : आग उगल रहा सूरज, दिन में घर से बाहर निकलना हुआ दुश्वार Aligarh news
इन दिनों चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। घर में उमस से लोग पसीने-पसीने हुए जा रहे हैं। मनुष्य के साथ पशु-पक्षी भी सूरज की तपिश से झुलसे जा रहे हैं। दोपहर के समय प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा छा रहा है।
अलीगढ़, जेएनएन। इन दिनों चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। घर में उमस से लोग पसीने-पसीने हुए जा रहे हैं। मनुष्य के साथ पशु-पक्षी भी सूरज की तपिश से झुलसे जा रहे हैं। दोपहर के समय प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा छा रहा है। जेठ की दोपहरी पांव भी जला रही है। मंगलवार को पारा चढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह इस सीजन का सबसे गरम दिन था। यही हाल बुधवार को भी रहा। लोगों को सुबह से ही चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ा। 11 जून तक अभी सूरज सरों पर आग उगलता दिखाई देगा। इसके बाद प्री मानसून की आहट हो सकती है। बुधवार को सुबह से ही सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिया। सुबह से ही गरमा पुरवा हवा चलने लगी। ऐसे में लोग गरम हवा के थपेड़ों से बचने के लिए चेहरा ढककर घर से बाहर निकले। इतनी गर्मी में न तो लोगों को घर में चेन मिल रहा है और न घर के बाहर ही। गर्मी के चलते पंखे-कूलर दम तोेड़ते नजर आए।
ठंडे पेयों से गला तर
गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नारियल पानी, जूस, फलों के रस, दही, मठ्ठा, लस्सी के साथ-साथ सत्तू और शरबत का सेवन भी कर रहे हैं। ककड़ी, तरबूज, खीरा जैसे ठंडी चीजें खा रहे हैं। इस सप्ताह आइसक्रीम की बिक्री में तीन गुना तक वृद्धि हुई है।
खान-पान में बरतें सावधानी
गर्मी को देखते हुए चिकित्सक लोगों को मौसमी फल व हरी साग-सब्जियों का अधिक सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। स्वच्छता पर भी जोर दिया जा रहा है। कटे-फटे फल व दूषित गन्ने के रस से परहेज बरतने को कह रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि गरम हवा चलने पर शरीर मेें डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) की समस्या हो जाती है, जिससे उल्टी-दस्त, चक्कर आना, बीपी लो, बुखार आदि की परेशानी हो सकती है।
अधिकतम तापमान पर नजर
तिथि अधिकतम, न्यूनतम
08 जून, 41, 29
07 जून, 40, 29
06 जून, 40, 28
05 जून, 39, 29
04 जून, 38, 27
03 जून, 37, 25
02 जून, 35, 26
01 जून, 39, 29