नगर निगम की सेवाओं पर जनता देगी फीडबैक Aligarh news
नगर निगम की सेवाओं पर जनता से फीडबैक लिया जाएगा। इस संबंध में नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही जोनल अधिकारियों काे सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
अलीगढ़, जेएनएन : नगर निगम की सेवाओं पर जनता से फीडबैक लिया जाएगा। इस संबंध में नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही जोनल अधिकारियों काे सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
खुद करें भौतिक सत्यापन
नगर आयुक्त ने बताया कि सभी विभागाध्यक्ष, कर्मचारी समय पर कार्यालय आएंगे। इसका वह खुद भौतिक सत्यापन करेंगे। अनुपस्थित रहने और विलंब से आने वालों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए सभी जोनल अधिकारी व नगर स्वास्थ्य अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवेदकों को किसी तरह की कोई असुविधा न हो। 10 आवेदकों से वह फीडबैक लेंगे, जिससे पता चल सके कि नगर निगम की सेवाएं कितनी प्रभावी हैं। लापरवाही किस स्तर से की गई, इसकी जानकारी भी मिल सकेगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी सफाई व डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को प्रभावी कराएंगे। कूड़ा कलेक्शन में लापरवाही बरतने वालों को सूचीबद्ध किया जाए।
गोवंश को बचाने के इंतजाम
नगर निगम की गोशालाओं में गोवंश को सर्दी से बचाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने गोशालाओं के लिए आगरा से तिरपाल मंगाए हैं। विशेष तौर पर गोवंश के लिए कंबल भी खरीदे गए हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि बरौला बाईपास स्थित नंदी गोशाला में टिनशेड लगवा दिया गया है। गोशाला के खुले हिस्सों को तिरपाल ढकवा दिया है, जिससे सर्द हवा गाेवंश तक नहीं पहुंचे। आवश्यकता के हिसाब से गोशालाओं ने गैस हीटर, अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।