Move to Jagran APP

चुनावी चौपाल में बोली गभाना की जनता, बरौली मोड़ पर अंडरपास बने तो रुकें हादसे

इस समय चुनावी बयार बह रही है राजनीतिक अपनी गुणा गणित में जुटी हुयी हैं। गभाना के लोग भी आपस में राजनीति की बात कर रहे लेकिन उनका मुद़दा ही अलग है उन्‍हें गांव में अंडरपास चाहिए ताकि दुर्घटनाएं रुक सकें।

By Anil KushwahaEdited By: Published: Sat, 22 Jan 2022 09:07 AM (IST)Updated: Sat, 22 Jan 2022 09:21 AM (IST)
चुनावी चौपाल में बोली गभाना की जनता, बरौली मोड़ पर अंडरपास बने तो रुकें हादसे
गभाना के लोगों ने बरौली मोड़ पर अंडरपास की मांग की है।

विवेक शर्मा, गभाना । ये मौसम सर्दी के साथ चुनावी भी है। चर्चा भी इन्हीं दोनों की। बात भले ठंड से शुरू हो, लेकिन राजनीति पर बहस पर खत्म होती है। शुक्रवार को यही नजारे कई जगह थे। नाई की दुकान हो या चाय, पान की दुकान। लोग एकत्रित हों तो समझ लो कि बात चुनावी है। सुबह के साढ़े 11 बजे आसमान में बादल के बीच सूरज की लुका-छुपी के बीच नेशनल हाइवे-91 पर बरौली मोड़ के पास खड़े कुछ लोग सरकार को लेकर ही बहस में व्यस्त थे। सबके अपने-अपने आंकड़े और तर्क, जिनमें सरकार के दावे किए जा रहे थे। तभी तेज गति से गुजरते वाहनों ने बहस रोक दी। अब बात हाईवे पर बढ़ते हादसों की शुरू हुई तो इसके लिए जनप्रतिनिधियों की ही कमी बताई जाने लगी। उनका कहना था कि बरौली मोड़ खतरनाक है। इस मोड़ पर अंडरपास बन जाए तो हादसे रुक जाएं।

loksabha election banner

छुट्टा घूम रहे मवेशियों से किसान परेशान

ठंड के बीच चुनावी माहौल भांपने बाइक से बरौली मोड़ आए थे। यहां हाथ में डंडा लिए बुजुर्ग गभाना के ठाकुर दास सड़क पार करने के लिए वाहनों के गुजरने का इंतजार कर रहे थे। बातचीत करते ही वे भड़क उठे। बोले, कैसों चुनाव, कैसों विधायक। कोई काम तौ करै ही नाय। उनकी तेज आवाज सुन पास ही मौजूद मोरहना गांव के भूरा खां और टमकौली के श्यौदान सिंह आ गए। तीनों एक स्वर में बोले जा हाईवे कूं बनें बहुतई साल है गए। पर, काऊ नेता पर यहां पर अंडर पास पुल नाय बनवायौ गयौ। जा चौराहे पर सैकड़ों हादसे हैं गए। चुनाव आते ही वोट मांगवे कूं सब आय जावैं। लालपुर गांव पर किसान देवराज सिंह के साथ मौजूद अन्य लोग एक साथ बोले सरकार ने काम तो बहुत अच्छे करे हैं। बस इक ही समस्या है कि गांव-गांव बहुत सारे छुट्टा गोवंश घूम रहे हैं, जो कि फसलों को बेकार कर रहे हैं। विधायक ऐसा बने जो किसानों की समस्या का समाधान कर सके।

न लाइट जलती न संपर्क मार्गों पर प्रतीक चिह्न

ओगर नगला राजू में ट्राई साइकिल पर सवार पप्पू का कहना था कि सरकार किसी की बने लेकिन विधायक ऐसा हो जो जनता के बीच समय दे। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान करने के लिए हर समय तत्पर रहे। करीब डेढ़ बजे हाईवे रिलायंस पेट्रोल पंप के पास चूहरपुर नगलिया के ओमप्रकाश सिंह हाईवे की समस्याएं बताने लगे। उनका कहना था कि रात में लाइटें नहीं जलती हैं। गांवों के संपर्क मार्गों के लिए कोई भी प्रतीक चिह्न नहीं हैं। इससे आए दिन हादसे होते हैं।

हाईवे की बदले स्थिति

कन्होई मोड़ पर ग्वालरा निवासी योगेंद्रपाल सिंह भी हाइवे की समस्याओं से निराश दिखे। बोले, तमाम चुनाव हुए। जनप्रतिनिधि बदले, पर नहीं बदली तो हाईवे की स्थिति। जगह-जगह अवैध कट बने हुए हैं। इन्हें बंद करवाने के साथ ही गोल चक्कर व अंडरपास बनवाने बेहद जरूरी हैं। जनहित के कामों को कराने वाले ही विधायक होने चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.