अलीगढ़ में आगरा के तेल कारोबारी के चालक ने ही कराई थी 10 लाख की लूट
तेल कारोबारी का चालक ही निकला दस लाख की लूट का मास्टर माइंड।
अलीगढ़ : आगरा के सरसों तेल के कारोबारी पवन मित्तल के मुनीम से छह दिन पहले 10 लाख रुपये की लूट करने का मास्टर माइंड उनका चालक ही निकला। उसी ने तीन दोस्तों के साथ मिलकर लूट की थी। मुनीम व कारोबारी को भी शुरू से इसका शक था। पुलिस ने चालक व उसके दो साथियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए 9.5 लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं। अभी तीन साथी फरार हैं।
एसएसपी अजय कुमार साहनी ने सोमवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को घटना के पर्दाफाश से जुड़ी विस्तार से जानकारी दी। बताया, आगरा के खेरागढ़ निवासी सरसों के तेल के कारोबारी पवन कुमार मित्तल के मुनीम टिंकू उर्फ सुधीर से 11 जुलाई को करीब 10 लाख रुपये मडराक क्षेत्र में लूटे गए थे। लूट का मास्टरमाइंड खेरागढ़ के गांव बुरहरा का किशोर जीप चला रहा था। टिंकू महीनेभर पहले नौकरी पर आए किशोर के साथ हापुड़ से उगाही करके आगरा लौट रहा था। उसी ने गभाना टोल प्लाजा पर तीन युवकों को बैठाया। मुनीम के विरोध करने पर किशोर ने एक को मामा बता दिया। मडराक टोल प्लाजा निकलते ही बदमाशों ने मुनीम के हाथ-पांव बांधकर पीटा और कैश लूट लिया। मुनीम को कार समेत सादाबाद क्षेत्र के जैतई रोड के जंगल में छोड़ गए। घर व गड्ढे में छिपी रकम : बकौल एसएसपी, रविवार सुबह मुखबिर की सूचना पर किशोर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ व तलाशी में लूटे गए पांच लाख रुपये घर से ही बरामद हो गए। उसने यह भी बताया कि इस घटना में उसके गांव का अनार सिंह पुत्र लोहेर सिंह, जितेंद्र उर्फ पिंटू पुत्र बिजेंद्र सिंह व मनोज सिंह चाहर पुत्र बिजेंद्र सिंह निवासी गढ़मुक्खा थाना कागारोल, आगरा भी थे। अनार सिंह को दबोचने के लिए पुलिस ने उसकी सुसराल ब्यारा थाना अछनेरा में दबिश दी। जहां उसके ससुर ासुदेव पुत्र भगवान सिंह व उसके साले राम सिंह पुत्र पंचम सिंह निवासी शारदा बिहार कालोनी गली नंबर तीन थाना जगदीशपुरा, आगरा की निशान देही पर मकान में गढ़े हुए साढ़े चार हजार रुपये बरामद किए। यहां से वासुदेव व राम सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये हैं अभी फरार : चालक के साथ लूट में शामिल रहे अनार सिंह, मनोज चाहर व जितेंद्र उर्फ पिंटू सिंह अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। टीम को 10 हजार का इनाम : एसएसपी ने लूट का पर्दाफाश करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।