हाथरस में स्कूल की छत से गिरकर छात्र की मौत
सासनी थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय की छत से गिरकर कक्षा दो का रोहित (8) गम्भीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए।
हाथरस (जेएनएन)। सासनी थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय की छत से गिरकर कक्षा दो का रोहित (8) गम्भीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद आगरा ले जाने की सलाह दी गई। परिजन उसे आगरा ले गए और वहां किसी अस्पताल में भर्ती कराया था। शाम को उसकी मौत हो गई।
ऐसे हुई घटना
रोहित पुत्र अर्जुन बुधवार की सुबह 9.30 बजे स्कूल गया था। करीब दस बजे छत से गिर गया। परिजन व गांव के लोग पहुंचे तो वह जमीन पर पड़ा था तथा सिर से खून बह रहा था। लोगों की मदद से परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद आगरा ले जाने की सलाह दी गई। परिजन उसे आगरा ले गए और वहां किसी अस्पताल में भर्ती कराया था। शाम को उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना से अनभिज्ञ रहे शिक्षक
परिजनों ने हादसे के लिए स्कूल स्टॉफ को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही कहा कि स्कूल में यदि शिक्षक होते तो शायद रोहित छत पर नहीं जाता। बीएसए हरीशचंद ने बताया कि बच्चे के गिरने की जानकारी मिली है। मामला गंभीर है। घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिक्षक समय से आए थे या नहीं तथा घटना में किसकी लापरवाही रही, इस बात की जांच कराई जाएगी।