फैक्ट्रियों को सील करने पर भाजपाइयों ने जताया रोष
सासनीगेट व शक्तिनगर में फैक्ट्रियों को सील करने पर भाजपाइयों में गुस्सा है।
जासं, अलीगढ़ : सासनीगेट व शक्तिनगर में फैक्ट्रियों को सील करने पर भाजपाइयों में गुस्सा है। उन्होंने अधिकारियों की शिकायत सीएम से करने की चेतावनी दी है। सोमवार को बैठक में निर्णय लिया गया कि एडीए व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई की तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि दीपावली के समय अधिकारी जानबूझकर व्यापारियों को निशाना बनाते हैं। उपाध्यक्ष यतेंद्र वाइके ने कहा कि उद्योग किसी भी देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाते हैं, यहां अधिकारी उसे ही उजाड़ने में लगे हैं। प्रशासन की मंशा प्रदेश सरकार के विपरीत चल रही है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुबोध स्वीटी ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश में उद्योगों के बढ़ाने की बात कर रहे हैं। अधिकारी सीएम के आदेश और निर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं।