प्रशासन की सुस्ती पड़ सकती है भारी, 37 हजार असलहों में से अब तक 1500 ही जमा हो सके Aligarh news
पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन भले ही तैयारियों में जुटा हो लेकिन अभी लोग गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। प्रशासन ने एक महीने पहले असलहा जमा कराने का आदेश जारी किया था अब तक करीब 1500 ही शस्त्र जमा हो सके हैं।
अलीगढ़, जेएनएन : पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन भले ही तैयारियों में जुटा हो, लेकिन अभी लोग गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। प्रशासन ने एक महीने पहले असलहा जमा कराने का आदेश जारी किया था, अब तक करीब 1500 ही शस्त्र जमा हो सके हैं। इनमें एक हजार आर्म्स डीलर के यहां व 500 थानों में जमा हुए हैं।
शासन को भेजी जा रही सूची
जिले में 37 हजार से अधिक असलहा धारक हैं। सभी तरह के चुनावों से पहले शांति व्यवस्था की दृष्टि से प्रशासन असलहा जमा कराता है। थाने, कलक्ट्रेट व आर्म्स डीलरों के यहां असलहा जमा कराए जाते हैं। अब तक जमा 1500 शस्त्रों की सूची प्रशासन के स्तर से शासन को भेजी जा रही है। वहीं असलहा जमा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला होगा। सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंंह ने बताया कि सभी लोगों को असलहा जमा करने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं। जल्द ही शस्त्र विक्रेताओं के साथ बैठक कर एक साल में बिके कारतूसों का विवरण लिया जाएगा। उसकी समीक्षा की जाएगी। इससे लाइसेंसधारकों को बेचे गए कारतूसों का मिलान होगा।