दिल्ली में 12 साल पहले बिछडी किशोरी अलीगढ़ में मिली, फजीहत के बाद ले गई जालौन पुलिस
उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र के ग्राम कमालाबाद में रह रही स्वजनों से बिछुडी महिला को पुलिस ने उसके परिजनों तक पहुंचाया है।
अलीगढ़ जेएनएन: उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र के ग्राम कमालाबाद में रह रही स्वजनों से बिछुडी महिला को पुलिस ने उसके परिजनों तक पहुंचाया है। जनपद जालौन निवासी महिला 12 वर्ष पूर्व दिल्ली में स्वजनों से बिछुड गई थी। स्वजनों ने जालौन के थाना कालपी में नामजद दस लोगों के खिलाफ किशोरी को बहला फुसलाकर अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जालौन पुलिस महिला को अपने साथ ले गई है।
यह है मामला
छर्रा कोतवाली निरीक्षक रामसिया मौर्य ने बताया है कि जनपद जालौन के थाना कालपी निवासी दस वर्षीय एक लड़की वर्ष 2008 में अपने स्वजनों से दिल्ली में किसी तरह बिछुड गई थी। सड़क पर बच्ची को रोते हुए देखकर एक दंपति ने उसे सहारा दे दिया। बच्ची ने अपना नाम अनीता बताया तथा स्वजनों का पूरा पता ठिकाना नहीं बता सकी। दंपति ने घर ले जाकर अपने बच्चों की तरह ही बच्ची की परवरिश की। वहीं पर छर्रा क्षेत्र के ग्राम कमालाबाद निवासी युवक वीरेंद्र कुमार भी मजदूरी का काम करता था। जब वह बच्ची बड़ी हुई तो दंपति ने वीरेंद्र कुमार के साथ उसकी शादी कर दी। तब से वह अपने पति वीरेंद्र के साथ गांव कमालाबाद में ही रह रही थी। अब उस पर तीन बेटियां हैं। कोतवाल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक कॉल द्वारा उन्हैं महिला के बारे में जानकारी हुई। महिला ने कालपी का पता बताते हुए अपने पिता का नाम रामप्रकाश अहिरवार व मां का नाम राजो बताया। उसके बाद उन्होंने जालौन पुलिस से संपर्क कर तस्दीक की तथा महिला के बारे में अवगत कराया।
दस लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट
जालौन पुलिस छर्रा थाने पहुंची तो पता चला है कि वर्ष 2008 में महिला के स्वजनों ने कालपी थाने में बच्ची को बहला फुसला कर अपहरण करने की स्थानीय दस लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें पुलिस ने कार्यवाही करते हुए सभी नामजदों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फिलहाल सभी आरोपीगण जमानत पर रिहा चल रहे हैं। कोतवाल रामसिया मौर्य का कहना है कि जालौन पुलिस महिला को उसके बच्चों व पति सहित अपने साथ ले गई है। वहां पर न्यायालय में संबंधित मुकददमे में महिला के बयान कराए जाएंगे। उसके बाद जालौन पुलिस द्वारा आगे की कार्यवाही की जाएगी। वहीं मामले में ग्राम कमालाबाद के लोगों द्वारा बताया गया है कि महिला अपने पति व बच्चों के साथ हंसी खुशी से रह रही है। कुछ दिन पूर्व महिला ने गांव में ही चर्चा की थी कि उसने एक सपना देखा है और वह जालौन के कालपी की रहने वाली है। महिला ने किसी युवक के फोन द्वारा सोशल मीडिया पर अपनी एक वीडियो व फोटो डलवा दिए। मामला संज्ञान में आने पर छर्रा पुलिस ने महिला के स्वजनों की तलाश की। जालौन जाने से पूर्व महिला ने अपने पडौसियों से शीघ्र लौटने की कहा तथा अपने पशुओं की देखभाल की भी जिम्मेदारी दी।