नगर निगमकर्मी की हत्या में आरोपित महिला के पति की भूमिका संदिग्ध ! Aligarh news
गांधीपार्क थाना क्षेत्र के शीशियापाड़ा के नगर निगम कर्मचारी दीपू कांति की हत्या में पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि मुकदमे में नामजद महिला के पति और तीसरे आरोपित की भूमिका संदिग्ध है।
अलीगढ़, जेएनएन : गांधीपार्क थाना क्षेत्र के शीशियापाड़ा के नगर निगम कर्मचारी दीपू कांति की हत्या में पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि मुकदमे में नामजद महिला के पति और तीसरे आरोपित की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। महिला के मृतक दीपू से अवैध संबंध थे। दीपू ने अश्लील वीडियो बना ली थी। इसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। उसकी नाबालिग बेटी से संबंध बनाने की दबाव डालता था। ऐसे में महिला ने अपने भाई मिलकर दीपू की हत्या कर दी थी।
नाले में मिला था दीपूू का शव
शीशियापाड़ा निवासी 26 वर्षीय दीपू कांति नगर निगम में सफाई कर्मचारी था। एक दिसंबर को दीपू के बड़े भाई रॉबिन की शादी थी। अगले ही दिन वह घर से स्कूटी लेकर निकले थे। तभी से गायब थे। बुधवार को दीपू का शव एटा चुंगी-कमालपुर रोड स्थित नाले में पड़ा मिला। मामले में जयकिशोर व उसकी पत्नी यशोदा निवासी पला साहिबाबाद व यशोदा के भाई राजू निवासी पक्की सराय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार को यशोदा व राजू को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के मुताबिक, यशोदा के दीपू से अवैध संबंध थे। दीपू ने अश्लील वीडियो बना ली थी, जिसे वायरल करने की धमकी देकर बार-बार बुलाता था। आएदिन रुपये मांगता था। यही नहीं, यशोदा की 16 वर्षीय बेटी को होटल में लाने का दबाव बना रहा था। इससे परेशान यशोदा ने अपने भाई राजू के साथ मिलकर दीपू की हत्या कर दी। लेकिन, मुकदमे में नामजद पति की भूमिका संदिग्ध है। आरोपित महिला ने पूछताछ में कहा है कि चूंकि पति दिल के मरीज है। क्लीनिक चलाते हैैं। इसीलिए पति को कोई बात नहीं बताई थी। भाई के साथ हत्या की योजना बनाई और घटना कर दी। गांधीपार्क थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि आरोपित पति जयकिशोर की अभी कोई भूमिका सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है।