लखनऊ में सपा कार्यालय पर युवक के आत्मदाह का प्रयास करने का वायरल वीडियो देख सकते में आए समर्थक
तेजवीर सिंह को टिकट न मिलने का रात ही हो गया आभास फेसबुक वाट्सएप ग्रुपों पर समर्थकों ने जताया विरोध।

जासं, अलीगढ़ : समाजवादी पार्टी में टिकट के लिए मचे घमासान के बीच पूर्व ब्लाक प्रमुख तेजवीर सिंह के समर्थक के लखनऊ पार्टी मुख्यालय के बाहर आत्मदाह के प्रयास ने सभी को चौंका दिया। तेजवीर के साथ आठ दिन से समर्थन लखनऊ में ही डटे थे। टिकट न मिलने का आभास समर्थकों को शनिवार रात ही हो गया था। रविवार को सुबह पार्टी मुख्यालय पर समर्थक आदित्य जुनूनी ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इंटरनेट मीडिया, न्यूज चैनलों के जरिए इसकी जानकारी मिलने पर अलीगढ़ में भी समर्थक सकते में आ गए और विरोध जताने लगे।
छर्रा विधानसभा सीट से पूर्व ब्लाक प्रमुख तेजवीर सिंह दावेदारी कर रहे हैं। समर्थकों के साथ वह नौ जनवरी से लखनऊ में हैं। रविवार को तेजवीर सिंह मुख्यालय में थे। समर्थक बाहर खड़े थे। इन्हीं में आदित्य जुनूनी ने सुबह 11 बजे खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। लखनऊ पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इटावा के मूल निवासी आदित्य लंबे समय से तेजवीर सिंह के साथ धनीपुर में रह रहे हैं। आदित्य ने बताया कि 27 साल से तेजवीर सिंह ने पार्टी की सेवा की। पार्टी ऐसे मेहनती कार्यकर्ताओं को टिकट न देकर बदमाशों को टिकट दे रही है। ये बर्दाश्त नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि तेजवीर सिंह को टिकट न दिए जाने की जानकारी होने पर सीधा पेट्रोल पंप गया और दो बोतलों में दो लीटर पेट्रोल भरवा कर मुख्यालय पर आ गया। खुद पर एक बोतल उड़ेल कर दूसरी उड़ेल ही रहा था, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। कुछ देर बाद हजरतगंज थाने से छोड़ दिया गया। लखनऊ के इस पूरे मामले का वीडियो फेसबुक, वाट्सएप ग्रुप पर पोस्ट किया गए। न्यूज चैनलों पर भी खबरें चलने लगीं। इससे अलीगढ़ में तेजवीर सिंह के समर्थक आक्रोशित हो गए और टिकट न मिलने पर विरोध जताने लगे।
.......
आदित्य जुनूनी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। छर्रा सीट से तेजवीर सिंह के लिए टिकट मांग रहे थे। उनका तरीका गलत था। पार्टी के फैसले पर आपत्ति नहीं करनी चाहिए। उन्हें कुछ कहना था तो उचित मंच पर अपनी बात रखते।
गिरीश यादव, सपा जिलाध्यक्ष
......
राष्ट्रीय अध्यक्ष के हर आदेश का पालन किया जाएगा। पार्टी से घोषित प्रत्याशी को चुनाव लड़ाया जाएगा।
तेजवीर सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख
Edited By Jagran