एसएसपी दफ्तर में अधिवक्ता को रोकने के विरोध में कचहरी में रही हड़ताल Aligarh news
जिला जज की मध्यस्थता के बाद अध्यक्ष एसएसपी से मिलने पहुंचे। वार्ता के बाद विवाद का निपटारा हो गया और अध्यक्ष ने हड़ताल वापस ले ली। शुक्रवार से अधिवक्ता कामकाज करेंगे।
अलीगढ़ : जवां के फरियादी के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंचे अधिवक्ता अजय सिंह को रोकने का मामला गुरुवार को गरमा गया। बार एसोसिएशन ने विरोध में हड़ताल कर दी। जिला जज की मध्यस्थता के बाद अध्यक्ष एसएसपी से मिलने पहुंचे। वार्ता के बाद विवाद का निपटारा हो गया और अध्यक्ष ने हड़ताल वापस ले ली। शुक्रवार से अधिवक्ता कामकाज करेंगे।
गुरुवार को अधिवक्ता अजय सिंह जवां के एक फरियादी के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। जवां के गांव पोहिना में पौधे को लेकर हुए विवाद में महिला समेत दो लोगों को गोली लगी थी। आरोपितों की गिरफ्तारी ना होने से नाराज स्वजन घायल मरीज को चारपाई पर ले आए थे। सुरक्षाकर्मियों ने अधिवक्ता को गेट पर रोक लिया था, जबकि पीडि़त को अंदर जाने नहीं दिया। इस पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गणेश कुमार शर्मा ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि अधिवक्ता को रोका जाएगा तो पुलिस को भी कोर्ट में घुसने नहीं देंगे। शुक्रवार को दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक कर हड़ताल की घोषणा कर दी। मामला जिला जज राम मनोहर नारायण मिश्रा के संज्ञान में पहुंचा। जिला जज की मध्यस्थता के बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अध्यक्ष गणेश कुमार शर्मा व महासचिव कुलदीप आदित्य गुप्ता एसएसपी मुनिराज से मिलने पहुंचे। यहां एसपी क्राइम डॉ. अरविंद कुमार, सीओ द्वितीय पंकज कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद थे। एसएसपी ने अधिवक्ताओं के सम्मान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद अध्यक्ष ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। हालांकि गुरुवार को अधिवक्ता दिनभर न्यायिक कार्य से विरत रहे।
कार्यालय के बाहर रोका
अधिवक्ता के साथ असम्मानजनक व्यवहार करते हुए एसएसपी कार्यालय के बाहर रोक लिया गया था। इसके विरोध में गुरुवार को हड़ताल रखी गई। जिला जज की मध्यस्थता के बाद मैं और महासचिव एसएसपी से मिलने पहुंचे थे। एसएसपी ने भरोसा दिलाया है कि अधिवक्ताओं के सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाएगा। आगे से ऐसा नहीं होगा। हड़ताल वापस ले ली है।
गणेश कुमार शर्मा, अध्यक्ष, दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन
एक ही व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति
कोरोना काल में शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराना प्राथमिकता है। इसके चलते जन-सुनवाई के दौरान पीडि़त के साथ एक ही व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति है। इसीलिए सुरक्षाकर्मी ने अधिवक्ता को रोक लिया। किसी तरह का असम्मान नहीं किया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने मुलाकात की थी। बातचीत के बाद विवाद खत्म हो गया।
मुनिराज, एसएसपी