गणेश चतुर्थी पर श्रद्धा के साथ स्थापित हुईं प्रतिमाएं, ईको फ्रेंडली गणेश की रही धूम Aligarh news
श्रद्धालुओं ने अपने घरों और मुहल्लों में पूजा-अर्चना के बाद मूर्ति स्थापना गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए।
अलीगढ़, जेएनएन। गणेश चतुर्थी पर शनिवार को पूरा शहर श्रीगणेश की भक्ति में सरावोर रहा। श्रद्धालुओं ने अपने घरों और मुहल्लों में पूजा-अर्चना के बाद मूर्ति स्थापना गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए।
कोरोना के चलते पूर्व की भांति गणेश चतुर्थी पर कोई बड़ा आयोजन तो नहीं हुआ, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं थी। पूरी श्रद्धा के साथ घर-घर पूजन किया गया। मिट्टी और अनाज के मिश्रण के तैयार गणेश की मूर्तियां अधिक भायीं। संस्कार भारती उत्सव परिवार द्वारा घर-घर दीपक जलाए गए। श्री वाष्र्णेय मंदिर में मूर्ति स्थापित कर दुग्धाभिषेक किया गया। अध्यक्ष देवेंद्र भोला जी ने बताया कि श्रद्धालुओं ने घरों पर 5-5 दीपक जलाए। रविवार को बिना किसी यात्रा के प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। उधर, मेलरोज बाइपास पर नगर भ्रमण कर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। सराय हकीम गणेश मित्र मंडल के मीडिया प्रमुख विशाल देशभक्त, हर्षद हिंदू आदि ने मूर्ति स्थापना की। नौरंगाबाद निवासी कत्थक डांसर निक्की अग्रवाल ने घर में दरबार सजाया है।
101 दीयों से की आरती
प्राचीन सिद्ध पीठ श्री गिलहराज मंदिर में स्थापित सिद्धी विनायक गणपति का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया गया। महंत योगी कौशल नाथ ने भवन व विग्रह को भव्य पुष्पों से सजाया भव्य शृंगार व छप्पन भोग भी लगाया। वहीं, मैरिस रोड स्थित धर्मपुर कोटियार्ड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कमल कुमार शास्त्री के नेतृत्व में मुख्य यजमान व पूर्व विधायक विवेक बंसल ने विधिवत पूजा अर्चना की।