कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी प्रत्याशी के लिए झोंकी ताकत Aligarh news
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सीबीआइ से डरे हुए हैं। भाजपा ने इन नेताओं की बोलती बंद कर दी है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार 'लल्लू' ने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सीबीआइ से डरे हुए हैं। भाजपा ने इन नेताओं की बोलती बंद कर दी है। तभी ये सियासी दल जन मुद्दों से दूर हैं।
योगी ने सिर्फ हवन किया
कौशांबी विधायक लल्लू सिंह शनिवार को इगलास उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी उमेश दिवाकर के समर्थन में ग्राम नींवरी रोरावर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रचार का अंतिम दिन था। सिंह ने उद्योग व कारोबार से लेकर खेती किसानी तक योगी सरकार को विफल बताया। कहा, मुख्यमंत्री योगी ने सिर्फ हवन किया है, उसके अलावा कुछ नहीं। बेरोजगारों को रोजगार नहीं, बहन-बेटियों को सुरक्षा नहीं। सपा बसपा संघर्ष के सीन से गायब है। मायावती व अखिलेश ट्विटर के नेता हैं। अपराधी दुस्साहसिक वारदात कर रहे हैं।
किसान प्रदर्शन करे तो होती है रिपोर्ट
राष्ट्रीय प्रवक्ता राशिद अल्वी ने कहा कि योगी सरकार कहती है कि 14 दिन में गन्ने का भुगतान करेंगे, लेकिन नहीं किया। सरकार के गन्ना मंत्री के क्षेत्र के चीनी मिल पर 250 करोड़ बकाया है। आलू उत्पादक किसान दाम के लिए प्रदर्शन करता है तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया जाता है। धान कोई खरीद नहीं रहा। आरोप लगाया है कि ये जुल्मी सरकार है। टिप्पणी कर न्यायालय का अपमान कर रही है।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर प्रत्याशी उमेश दिवाकर, विवेक बंसल, श्यौराज जीवन, हाथरस जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, डा. हरिओम पोनिया, प्रदेश महासचिव योगेश दीक्षित, पूर्व महासचिव मनोज सक्सैना, महिला प्रकोष्ठ की पूर्व उपाध्यक्ष प्रतिमा सिंह, विनोद पांडे आदि मौजूद रहे।