अलीगढ़ में सपाइयों ने मोटरसाइकिल से निकाली किसान यात्रा
अतरौली विधानसभा क्षेत्र के गांव हरनौट नगला काम सहाय चंदियाना नगला जीवाराम नगला बलन रामपुर में सपा नेताओं ने किसानों से संपर्क कर कृषि विधेयकों पर विरोध जताया।
जासं, अलीगढ़ : सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव की अगुवाई में गुरुवार को सपाइयों ने मोटरसाइकिल से किसान यात्रा निकाली। अतरौली विधानसभा क्षेत्र के गांव हरनौट, नगला काम सहाय, चंदियाना, नगला जीवाराम, नगला बलन, रामपुर में सपा नेताओं ने किसानों से संपर्क कर कृषि विधेयकों पर विरोध जताया। सपा नेता रत्नाकर पांडे ने कहा कि सरकार ने किसानों के हृदय पर चोट की है। डॉ. कृपाल सिंह ने कहा कि सरकार को किसानों के नजरिये से भी इस बिल को देखना चाहिए। रामवीर यादव ने किसानों के हित में लड़ाई जारी रहेगी। चौपाल में मनोज जाटव, अहमद सईद सिद्दकी, गिरेंद्र यादव, छाया यादव, डॉ. गुलिस्ताना, इंदु यादव, आरती, डॉ. कबीर खान,राहुल यादव आदि थे। पदयात्रा निकालेगी प्रगतिशील सपा : प्रगतिशील सपा लोहिया 24 दिसंबर को प्रदेशभर में पदयात्रा निकालेगी। महानगर अध्यक्ष बाबा फरीद ने बताया कि लखनऊ में आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय नेतृत्व में यह निर्णय लिया है। पदयात्रा के जरिए पार्टी किसान, बेरोजगार, शिक्षा, सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार को जगाने का काम करेगी।
...........
बिल से किसानों की बदलेगी स्थिति
जासं, अलीगढ़ : भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश भारद्वाज ने कहा है कि कृषि बिल किसानों की दशा और दिशा को बदलने वाला है। आजादी के बाद से किसानों के बारे में पहली बार इतनी चिता की जा रही है। किसान मंडियों में अपने अनाज ले जाता था तो उसे उचित रेट नहीं मिलता था। मोदी सरकार ने कृषि बिल के माध्यम से खुला बाजार दे दिया। कोई भी किसान देश में कहीं भी अपना अनाज बेच सकता है। राजेश भारद्वाज ने कहा कि वह भी बड़े किसान के रूप में जाने जाते हैं। स्वयं खेती की है। इसलिए कह सकते हैं कि बिल से किसानों की स्थिति में सुधार आएगा।