जीवन संवारने को दूसरी शादी की वो भी रास नहीं आयी और हो गयी दुनिया से रुखसत, जानिए मामला Aligarh news
अलीगढ़ जेएनएन। कस्बा छर्रा के मोहल्ला किला में एक विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
अलीगढ़, जेएनएन। कस्बा छर्रा के मोहल्ला किला में एक विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा है।
दो साल पहले नसीम बानों की हुई थी शादी
कस्बा छर्रा के मोहल्ला संजय नगर निवासी मो. शरीफ ने बताया कि उसने अपनी पुत्री नसीम बानो (28) की शादी दो साल पूर्व कस्बा के ही मोहल्ला किला निवासी शाहरुख के साथ की थी। शादी में खूब दान दहेज दिया था। जिससे ससुरालीजन खुश नहीं थे। नसीम बानो का पति आए दिन मायके से कार खरीदने हेतु पांच लाख रुपये की मांग करता था। जिसके चलते ससुरालीजन उसके साथ मारपीट भी करते थे। इसी को लेकर बुधवार की सुबह ससुरालीजनों ने मिलकर उसकी पुत्री नसीमबानो की फांसी लगाकर हत्या कर दी। पड़ोस के लोगों ने जब देखा तो बीमार होने का बहाना करते हुए वह लोग कार द्वारा उसे एक निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि मायके पक्ष के लोगों को देखकर वह लोग कार को लेकर भागने लगे। इतने में मृतका की मां व भाई ने कार को रोकने के लिए खिडकी को पकड़ लिया। तभी कार में बैठे लोगों ने बाल पकड़ कर झटक दिया। बताया कि तभी कार में से किसी ने भाई अमरूल हसन की गर्दन पर नुकीली चीज मारकर घायल कर दिया और कार में शव को लेकर भाग गए। उसके बाद वह लोग शव को अपने घर में रखकर मौके से भी फरार हो गए। घर में केवल मृतका की सास शमसुलिया रह गई। पीछे से मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर मौके पर सीओ छर्रा देवी गुलाम व कोतवाल प्रदीप कुमार मलिक मय पुलिसबल के पहुंच गए।
नसीमबानों की चार माह की बेटी है
मृतका के मायके पक्ष द्वारा बताया गया कि नसीम बानो पर चार माह की एक बेटी है। नसीम बानो की पहली शादी ग्राम धनसारी में हुई थी। पहले पति से करीब छह साल का एक बेटा भी है। जो अपनी ननिहाल में रहता है। वहां पर किसी बात पर रिश्ता बिगडने पर करीब दो साल पहले ही नसीम बानो की शाहरुख के साथ शादी हुई थी। वहीं शाहरुख की भी पहली शादी ग्राम बाईं कलां से हुई थी। उस पर भी करीब 10 साल का एक बेटा है। शाहरुख खुद की कार चलाता है। घटना को लेकर मृतका के स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।