एडीए में मानचित्र समाधान सप्ताह के पहले ही दिन तीन मामले निपटे
एडीए में छोटी-छोटी समस्याओं के निस्तारण के लिए लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। कई बार तो अवर अभियंता से लेकर उच्च अफसरों तक की रिपोर्ट लगने में कई-कई दिन लग जाते हैं।
जासं, अलीगढ़ : एडीए में छोटी-छोटी समस्याओं के निस्तारण के लिए लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। कई बार तो अवर अभियंता से लेकर उच्च अफसरों तक की रिपोर्ट लगने में कई-कई दिन लग जाते हैं। सबसे अधिक दिक्कत मानचित्र से जुड़ी समस्या में आती है। इसी को लेकर अब शासन के निर्देश पर मानचित्र समाधान सप्ताह के तहत कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार से एडीए में इसकी शुरुआत हुई। इसमें पहले ही दिन तीन मामलों का निस्तारण हो गया।
एडीए परिसर स्थित सभागार में उपाध्यक्ष गौरांग राठी ने इसकी शुरुआत की। प्रभारी सचिव अर्जुन सिंह तोमर, अधिशासी अभियंता डीएस भदौरिया ने अभियंता व अन्य विभागीय कर्मचारियों के साथ लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया। इसमें सामने आया कि अलीगढ़ विकास प्राधिकरण क्षेत्र में करीब 30 नक्शों के प्रकरण लंबित चल रहे हैं। इनमें आठ से 10 मामलों पर कैंप में सुनवाई हुई। इनमें से तीन का एडीए उपाध्यक्ष ने निस्तारण कर दिया। प्रभारी सचिव ने बताया कि प्राधिकरण में जन सामान्य को शमन मानचित्र जमा करने के लिए व अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए इसकी शुरुआत हुई है। 23 अगस्त तक प्राधिकरण में इसका आयोजन होगा।
.....
तैयार नहीं हो सका विकास का खाका
जासं, अलीगढ़ : एडीए ने मानचित्र समाधान दिवस में भले तीन शिकायतें निपटा दी हों, मगर शहर के सुनियोजित विकास का खाका नहीं खिंच सका है। इसके लिए एक महायोजना बनती है। अब तक 20 साल के लिए महायोजना बनती थी, लेकिन पहली सरकार ने 10 साल के लिए महायोजना बनवाने का फैसला लिया है। पिछले दिनों मंडलायुक्त गौरव दयाल ने इसकी प्रगति को लेकर नामित कार्यदायी संस्था आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ लोकल सेल गवर्नमेंट के साथ बैठक की थी। इसमें 30 जुलाई तक ड्राफ्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक यह ड्राफ्ट नहीं बन सका है। अब 31 अगस्त तक इसका काम पूरे होने के आसार हैं।