नई शिक्षा नीति की प्रवेश प्रक्रिया एवं विषयों के चयन पर गोष्ठी Aligarh news
कस्बा छर्रा स्थित श्री राममूर्ति गुप्ता राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को प्राचार्या डाॅ. शशि कपूर की अध्यक्षता में नई शिक्षा नीति- 2020 के तहत स्नातक प्रथम वर्ष प्रवेश प्रक्रिया व पाठ्यक्रम/विषय के चयन की विस्तृत जानकारी प्रदान करने हेतु एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
अलीगढ़, जेएनएन। कस्बा छर्रा स्थित श्री राममूर्ति गुप्ता राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को प्राचार्या डाॅ. शशि कपूर की अध्यक्षता में नई शिक्षा नीति- 2020 के तहत स्नातक प्रथम वर्ष प्रवेश प्रक्रिया व पाठ्यक्रम/विषय के चयन की विस्तृत जानकारी प्रदान करने हेतु एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
स्नातक प्रथम वर्ष में तीन विषयों का चयन करना होगा
गोष्ठी को संबोधित करते हुए डाॅ. फूल सिंह राजपूत ने बताया कि विद्यार्थी को स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के समय तीन मुख्य विषयों का चयन करना होगा। जिसमें से दो मुख्य विषय उसके अपने चुने हुए संकाय से लेना अनिवार्य होगा। तीसरा मुख्य विषय वह अपने संकाय अथवा दूसरे संकाय से ले सकता है। इसके साथ ही विद्यार्थी प्रथम चार सेमेस्टर हेतु एक माइनर विषय का चयन दूसरे संकाय से करेगा। साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी प्रथम चार सेमेस्टर के प्रत्येक सेमेस्टर में एक रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी लेगा। विद्यार्थी दो सेमेस्टर पूर्ण करने पर सर्टीफिकेट प्राप्त कर सकता है। चार सेमेस्टर पूर्ण करने पर डिप्लोमा प्राप्त करने की सुविधा होगी एवं तीन वर्ष (छह सेमेस्टर) पूर्ण करने पर ही डिग्री प्राप्त होगी। स्नातक के प्रत्येक सेमेस्टर 46 क्रेडिट का होगा। विद्यार्थी जिस संकाय से तीन वर्ष में न्यूनतम 60 प्रतिशत क्रेडिट प्राप्त करेगा, उसी में उसको डिग्री दी जायेगी। तदनुसार स्नातकोत्तर में प्रवेश की सुविधा होगी।
जागरूकता के लिए गोष्ठी का आयोजन जरूरी
कार्यक्रम का संचालन डाॅ. नरेन्द्र कुमार के द्वारा किया गया तथा उन्होंने भी छात्रों की जागरूकता हेतु इस तरह के कार्यक्रम को आवश्यक बताया। समिति सदस्य डाॅ. रघुराज सिंह, डाॅ. रोहिताश सिंह ने कार्यक्रम में सहयोग किया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डाॅ. नरेन्द्र सेहरा, डाॅ. शालिनी चौहान, डाॅ. जावेद अख्तर, डाॅ. कविता सिंह, डाॅ. शिखा सिंह, डाॅ. परवेज शमीम, डाॅ. संतोष कुमार आदि ने नई शिक्षा नीति- 2020 पर जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर मोहम्मद अली, दीपक प्रजापति एवं रवेन्द्र कुमार ने तकनीकी सहयोग किया।