किसान की हत्या में पांच लोगों की तलाश, अभी तक पुलिस खाली हाथ
जवां थाना क्षेत्र के गांव नगला बिहारी में महज 1500 के विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर रंजिश भी चली आ रही है। दोनों पक्ष के लोग साथ ही खड़े थे।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। जवां थाना क्षेत्र के गांव नगला बिहारी में महज 1500 के विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर रंजिश भी चली आ रही है। दोनों पक्ष के लोग साथ ही खड़े थे। तभी रुपये मांगने पर विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे चल गए। इसमें किसान की मौत हो गई। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तीन लोग हिरासत में हैं। पुलिस का अब पांच लोगों की तलाश है।
यह है मामला
अमरोली पुलिस चौकी के गांव नगला बिहारी में रहने वाले 45 वर्षीय सूबेदार सिंह किसान थे। पुलिस के मुताबिक, सूबेदार व गांव के ही संजीव पुत्र हरीसिंह के बीच ढाई साल से रंजिश चली आ रही थी। दोनों एक ही समाज से हैं। बताया जा रहा है कि सूबेदार पक्ष की एक युवती ने संजीव से ढाई साल पहले शादी कर ली थी। तभी से दोनों परिवारों में खटास थी। संजीव खुर्जा में रहता है। त्योहार पर गांव आया हुआ है। वहीं आरोप है कि करवाचौथ से पहले संजीव पक्ष ने सूबेदार से 1500 रुपये उधार लिए थे। शुक्रवार शाम को दोनों पक्षों के लोग एक प्लाट पर खड़े थे। सूबेदार ने रुपये मांगे तो कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में सूबेदार की मौत हो गई। सीओ सिविल लाइन श्वेताभ पांडेय व इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर विवाद को शांत कराया। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले में संजीव, कुलदीप समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन लोग हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। सीओ के मुताबिक, दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है। रुपयों का विवाद भी है। जांच की जा रही है।
हरदुआगंज में जुआ पकड़ने गई पुलिस का घेराव
हरदुआगंज कस्बा क्षेत्र के गांव कलाई में शुक्रवार रात झगड़े की सूचना पर गई पुलिस टीम को जुआ खेलते युवकों को घेरना भारी पड़ गया। सादा वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मी द्वारा मोबाइल व रुपये छीनने पर लोगों ने घेराव कर धक्कामुक्की कर डाली। सूचना पर फोर्स मौके पर पहुंचा, जिसके बाद मामला शांत हो सका। शुक्रवार रात साढ़े आठ हल्का प्रभारी दारोगा जसवंत सिंह दो अन्य पुलिस कर्मियों के साथ झगड़े की सूचना पर गांव कलाई में पहुंचे थे। इनमें से एक सादा वर्दी में था। वहीं गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास जुआ खेले जाने की जानकारी पर पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। गांव वालों के मुताबिक, जुआ खेल रहे युवक तो भाग गए। लेकिन, पुलिस कर्मियों ने पास ही परचून की दुकान पर सामान खरीद रहे युवकों से मोबाइल व नगदी छीनना शुरू कर दिया। एक किशोरी से भी अभद्रता करने का आरोप है। इसे देख लोग भड़क गए और एकजुट होकर पुलिसकर्मियों का घेराव कर लिया। भीड़ के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। खबर पाकर थानाप्रभारी राजेश कुमार, एसएसआइ एनडी तिवारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। सीओ शिवप्रताप सिंह ने बताया कि आरोप गलत हैं। पुलिस की टीम झगड़े की सूचना पर गई थी। वहां कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। लोगों ने इसका विरोध किया। अन्य पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर मामले को शांत करा दिया।