आसाराम बापू आश्रम में डकैती
इगलास में अलीगढ़ रोड पर आसाराम बापू आश्रम में मंगलवार की देर रात डकैती हुई।
अलीगढ़ : इगलास में अलीगढ़ रोड पर आसाराम बापू आश्रम में मंगलवार की देर रात डकैती को अंजाम दिया गया। पांच सशस्त्र बदमाशों ने चौकीदार दंपती को मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया और दस हजार रुपये, महिला के कुंडल, दो मोबाइल लेकर चले गए। वारदात से पहले आश्रम के बिजली के तार काट दिए गए थे। सुबह लोगों ने कमरे का दरबाजा खोलकर दंपती को मुक्त कराया। सूचना पर पुलिस आश्रम पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने दिनभर दबिश दीं, लेकिन सफलता नहीं मिली।
आश्रम में काफी समय से किशन सिंह पुत्र जनक सिंह चौकीदार हैं। वह अपनी पत्नी कमलेश व बच्चों के साथ वहीं रहता है। किशन ने बताया कि रात लगभग एक बजे बिजली चली गई। गर्मी के चलते उसकी पत्नी ने कमरे का दरवाजा खोल दिया। तभी पाच युवक आ गए, जिन्होंने खाना मांगा। वे पैदल आए थे। पत्नी ने समझा कि आसपास के खेतों में काम करने वाले हैं और कहा कि खाना नहीं है। कुछ चावल हैं। इतना सुनते ही पांचों युवकों ने तमंचे निकाल लिए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला के कानों के सोने के कुंडल, किशन की जेब में रखे 10 हजार रुपये, आधार कार्ड, दो मोबाइल छीन लिए और दंपती को कमरे में बंद कर दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश चले गए। सुबह लगभग छह बजे कुछ लोग आश्रम घूमने पहुंचे। तब चौकीदार ने आवाज देकर उन्हें बुलाया, जिन्होंने कमरे का दरबाजा खोल दंपती को बाहर निकाला। तब पता लगा कि बदमाशों ने आने से पहले बिजली का तार काट दिया था। बाद में आश्रम संचालक राजू भाई को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सीओ राम आशीष यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कुछ स्थानों पर दबिश भी दी गई है। अभी बदमाशों का पता नहीं लग सका है।
चेहरा देखने पर मारे थप्पड़ : चौकीदार किशन ने बताया कि बदमाशों की बोली स्थानीय लोगों जैसी थी। एक बदमाश ने चेहरे पर कपड़ा लपेट रखा था। बाकी के चेहरे खुले थे। चेहरे की तरफ देखने पर बदमाश थप्पड़ मार देते थे। वे आश्रम में करीब एक घंटे से ज्यादा रुके।