हाथरस के सिकंदराराऊ में नहीं रुकती रोडवेज की बसें, डग्गामार वाहनों सफर में को मजबूर यात्री
रोडवेज की बसों में यात्रा करना आसान नहीं है। शासन की लाख कोशिशों के बावजूद भी यात्रियों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ताजा मामले में रोडवेज की बसों का सिकंदराराऊ में नहीं रुकने की शिकायत मिल रही है।
हाथरस, जागरण संवाददाता। रोडवेज की बसों को लेकर जिले में यात्रियों की दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं। अब सिकंदराराऊ में रोडवेज बसें नहीं रुक रहीं है। यात्रियों को बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बस आती हैं और बिना रुके ही फर्राटा भरती हुई निकल जाती हैं। मजबूरन यात्रियों को जान जोखिम में डाल डग्गेमार वाहनों में यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
चालक परिचालक की मनमानी से यात्रियों को परेशानी
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन विभाग की सेवाएं पाना यात्रियों के लिए आसान नहीं है। एक तरफ तो रोडवेज आय नहीं होने की बात करती है। वहीं दूसरी ओर स्थितियां विपरीत हैं। सिकंदराराऊ में चालक व परिचालक की मनमानी के चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बसें नगर के मुख्य स्थानों पर बिना रुके ही फर्राटा भरती हुई निकल जाती हैं। बेचारे यात्री बसों को रोकने के लिए हाथ का इशारा करते ही रह जाते हैं। सबसे अधिक परेशानी दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को हो रही हैं।
घंटों खड़े रहते हैं यात्री
सिकंदराराऊ का पंत चौराहा राष्ट्रीय व राजमार्ग की संगम स्थली हैं। यहां पर दिल्ली-कानपुर जीटी रोड व मथुरा-बरेली राजमार्ग यहां आपस में मिलता है। यहां अलीगढ़, एटा, कानपुर, लखनऊ, कासगंज, बरेली, हाथरस व मथुरा जाने के लिए प्रति दिन सैकड़ाें यात्री आते हैं। यहीं से उन्हें यातायात के लिए वाहन मिलते हैं। करीब दो माह से यहां पर रोडवेज की बसें नहीं रुकने यात्रियों को घंटों खड़े रहना पड़ता है।
अलीगढ़ व एटा से नहीं बिठाते सिकंदराराऊ के यात्री
रोडवेज के चालक व परिचालकों की मनमानी चल रही है। इसीलिए वह सिकंदराराऊ में बसें नहीं रोकते हैं। यात्रियों की मानें तो रोडवेज की बसों में अलीगढ़ व एटा से सिकंदराराऊ की सवारी चालक-परिचालक बिठाते ही नहीं हैं। दूर से आने वाले यात्रियों को निर्धारित स्टापेज से आगे-पीछे उतार देते हैं। एआरएम शशीरानी ने बताया बसों को रुकवाने को संबंधित अधिकारियों को बताया जाएगा।