Politics : सर सय्यद के चमन पर रालोद की नजर, जानिए क्यों Aligarh news
अलीगढ़ जेएनएन। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की सर सय्यद के चमन (एएमयू) पर नजर है। इस बार जरिया हैं एएमयू के छात्र व छात्र नेता। इस विश्व विद्यालय से ही देश की सियासत में दूर तक संदेश जाता है।
अलीगढ़, जेएनएन। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की सर सय्यद के चमन (एएमयू) पर नजर है। इस बार जरिया हैं, एएमयू के छात्र व छात्र नेता। इस विश्व विद्यालय से ही देश की सियासत में दूर तक संदेश जाता है। इस लिए किसान-मजदूरों के मसीहा व पूर्व केंद्रीय दिवंगत नेता चौ. अजित सिंह के पुत्र पिता की तरह मुस्लिम समाज को सांधने का काम कर रहे हैं। रालोद के पूर्व मंत्री कोकब हमीद हों या प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री मसूद अहमद। एएमयू छात्रों का एक प्रतिनिधि मंडल बुधवार को रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मिला। पूर्व प्रदेश महासचिव अब्दुला शेरवानी के नेतृत्व में एएमयू रिसर्च स्कालर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष शहंशाह खान, पूर्व उपाध्यक्ष फहीम अख्तर कादरी व एएमयू के पूर्व केबिनेट जानिब हसन ने एससी एसटी इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत कनौजिया व युवा रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष वसीम रजा की मौजूदगी में रालोद की सदस्यता ग्रहण की।
अब्दुला शेरवानी ने लिखी पटकथा
इस मुलाकात की पटकथा अब्दुला शेरवानी ने युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष वसीम रजा के साथ मिलकर लिखी थी। रालोद पिछले महीने एएमयू कैंपस में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा था। जिसमें दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को इसमें शामिल करने की रणनीति थी। मगर महामारी के चलते एएमयू इंतजामिया ने इस आयोजन के लिए अनुमति नहीं दी। इसका आयोजन अनूपशहर रोड स्थित एक होटल में किया गया था। बुधवार को एएमयू के वर्तमान व पूर्व छात्रों ने रालोद की सदस्यता ग्रहण कर शानदार आगाज तो किया है, मगर इसे अंजाम तक कैसे पहुंचाया जाएगा, यह रालोद हाईकमान पर निर्भर करता है।
रालोद का है स्वर्णिम भविष्य
एएमयू के छात्रों के शामिल होने पर युवा रालाेद ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष अध्यक्ष नीरज शर्मा , पूर्व ब्लाक प्रमुख खैर जोगिंदर सिंह, वीरपाल सिंह दिवाकर ,ओपी चौधरी, हबीब ने कहा कि अब रालोद का ही स्वर्णिम भविष्य है। इसकी शुरूआत पंचायत चुनाव से हो चुकी है। अब हम वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव का इतिहास दोहराने जा रहे हैं। जिसमें रालोद को तीन विधानसभा सीट पर कब्जा किया था, जिनमें बरौली से ठा. दलवीर सिंह जो अब भाजपा में हैं खैर से भगवती प्रसाद सूर्यवंशी व इगलास से त्रिलोकीराम दिवाकर विधायक निर्वाचित हुए।